कुचलने से बाइक सवार युवक की मौत, एक गंभीर
नईसराय के माइंस रेस्क्यू स्टेशन के पास एनएच 33 पर हुआ हादसा रांची रोड से रामगढ़ जा रहे थे बाइक सवार युवक
लोगों ने यातायात पुलिस पर लगाया नो इंट्री में हाइवा को प्रवेश कराने का आरोप
भास्कर न्यूज | रामगढ़
नईसराय के माइंस रेस्क्यू स्टेशन के पास हाइवा ने बाइक को ठोकर मारने के बाद सवार युवक को कुचलने से माैत हो गई। जबकि, दूसरा युवक गंभीर रुप घायल हो गया। नईसराय के सीसीएल केंद्रीय चिकित्सालय से घायल युवक काे प्राथमिक उपचार के बाद रांची रिम्स रेफर कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कानूनी कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन काे सौंप दिया। जानकारी के अनुसार रविवार को दिन के करीब एक बजे शहर के बंगाली टोला निवासी संतोष यादव 24 वर्ष(पिता राजेंद्र यादव) और छोटकीमुर्राम पतरातू बस्ती निवासी विक्की नायक 23 वर्ष(पिता नंद गोविंद लाल) न्यू यामाहा एफजेड से रांची रोड से रामगढ़ जा रहे थे। इस बीच नईसराय में रामगढ़ से रांची रोड की ओर तेजी से जा रहा हाइवा ने बाइक को अपने चपेट लेकर सवार युवक को कुचल दिया। दुर्घटना में संतो। व विक्की गंभीर रुप से घायल हो गए। इधर, चालक हाइवा को लेकर भाग गया। लोगों के सहयोग दोनों को नईसराय सीसीएल अस्पताल ले गए। यहां, डॉक्टरों ने विक्की नायक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रुप से घायल संतोष यादव को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। सूचना पर युवकों के परिजन अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल था।
लोगों ने नो इंट्री में हाइवा के घुसने पर पुलिस पर आक्रोश जताया है। लोगों ने यातायात पुलिस पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि नो इंट्री में हाइवा को रोका जाता तो युवक की जान बच सकती थी। इससे पहले भी हाइवा के चपेट में आने से कई लोगों ने अपनी जान गवां चुके है। कांग्रेस नेता शांतनु मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना के बाद युवक सड़क पर पड़े हुए थे। तत्काल मैंने लोगों के सहयोग से दोनों को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि नईसराय में तैनात यातायात पुलिस वाले हाइवा को नहीं रोक पाए और उसका नंबर नहीं देख पाए। नो इंट्री के बावजूद हाइवा, ट्रेलर व अन्य भारी वाहन शहर में प्रवेश करते हैं। निर्धारित समय से पहले बड़े वाहनों का आवागमन शुरु हो जाता है। उन्होंने, पुलिस पर पैसे लेकर नो इंट्री में भारी वाहनों को प्रवेश कराने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि इस पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।