पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • तीसरा मोर्चा न होने पर कांग्रेस से दुखी जनता ने सौंपी थी भाजपा को सत्ता : अभय चौटाला

तीसरा मोर्चा न होने पर कांग्रेस से दुखी जनता ने सौंपी थी भाजपा को सत्ता : अभय चौटाला

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कुरुक्षेत्र | नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला ने कहा कि सन 2014 में तीसरा मोर्चा ना बन पाने पर मजबूरी में कांग्रेस से दुखी जनता ने भाजपा को सत्ता सौंपी थी। लेकिन अब मायावती के नेतृत्व में क्षेत्रीय दलों के सहयोग से तीसरा मोर्चा बनेगा। वे शुक्रवार को अनाज मंडी में जेल भरो आंदोलन के तहत रैली में इनेलो बसपा गठबंधन की रैली में बोल रहे थे। रैली के बाद दोनों दलों के 1,349 नेताओं-कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी, जो एक घंटे बाद रिहा हो गए।

चौटाला ने कहा कि एसवाईएल पर 19 महीने पहले सुप्रीम कोर्ट हरियाणा के पक्ष में फैसला दे चुका है।

लेकिन आज तक सरकार प्रदेश को उसका हक नहीं दिला पाई। इसमें पानी ना आने के लिए कांग्रेस व भाजपा समान रूप से जिम्मेदार हैं। सरकार गीता, गाय और सरस्वती की आड़ में जनता का ध्यान बांटने में लगी है। कर्नाटक की घटना पर चौटाला ने कहा कि जो काम कांग्रेस करती आई है वही भाजपा कर रही है। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि गीता जयंती को चौधरी ओम प्रकाश चौटाला ने अंतरराष्ट्रीय स्वरूप दिया था। इनेलो गीता जयंती के विरुद्ध नहीं है, लेकिन भाजपा सांसद हेमा मालिनी के डांस के लिए तीन करोड़ का पंडाल तैयार करना, 40 हजार रुपये की गीता खरीदने जैसी फिजूलखर्ची के विरुद्ध हैं।

झूठ बोलते हैं पीएम मोदी|बसपा प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती ने कहा कि प्रधानमंत्री जहां झूठ बोलते हैं वहीं अमित शाह दलित के घर खाना-खाने का नाटक करते हैं। भाजपा के नेता होटल का खाना और एसी ले जाकर दलित के घर रोटी खाने की नोटंकी कर रहे हैं। पिहोवा के विधायक एवं पूर्व कृषि मंत्री जसविंद्र सिंह संधू, सांसद रामकुमार कश्यप तथा रामपाल माजरा, सांसद चरणजीत सिंह रोडी ने भी संबोधित किया।

कुरुक्षेत्र | इनेलो बसपा के जेल भरो आंदोलन के तहत जनसभा में मंचासीन नेता।

खबरें और भी हैं...