जय परशुराम, ब्राह्मण एकता के नारो से गूंजा पेटलावद
शोभायात्रा में शामिल समाजजनों ने नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर में महाआरती की।
परशुराम जयंती पर ब्राह्मण समाज ने निकाली शोभयात्रा
भास्कर संवाददाता | पेटलावद
भगवान श्री परशुराम की जयंती पर ब्राह्मण समाज ने शोभायात्रा निकाली। जय परशुराम और ब्राह्मण एकता के नारे से नगर गुंजायमान हो रहा था। समाज के युवा एवं वरिष्ठ समाजजन जय परशुराम के नारे लगाते हुए चल रही थे। शोभायात्रा में महिलाएं व बालिकाएं भी शामिल हुई। चल समारोह में भगवान परशुराम के चित्र वाली झांकी के साथ ढोल और बैंडबाजे भी थे। युवाओं ने परशुराम के जयकारे लगाए और केसरिया ध्वज लहराया। परशुराम भक्तों पर जगह-जगह फूल बरसाए गए।
चल समारोह में छोटे बच्चों से लेकर युवाओं, बड़े-बुजुर्ग शांति का प्रतीक श्वेत रंग के परिवेश में नजर आ रहे हैं तो महिलाएं और बालिकाएं भी लाल रंग की चुनरी (साड़ी) पहने कतारबद्ध होकर चल रहे थे। यात्रा शंकर मंदिर से प्रारंभ हुई। पूरे नगर में भ्रमण के बाद पुन: शंकर मंदिर पर पहुंचकर समापन हुआ।
शोभायात्रा का प्रमुख चौराहों कई सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया। साई मंदिर परिसर में नगर परिषद के मंच लगाकर फूलो की बारिश करकर समाजजनो का स्वागत किया। इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष मनोहरलाल भटेवरा, उपाध्यक्ष श्रीमती माया राजू सतोगिया, अनिल मुलेवा, शंकरलाल राठौड़, पार्षद कमलेश लाला चौधरी, पार्षद मोहन मेड़ा, प्रवीण पंवार, भाजपा वरिष्ठ नेता जितेंद्र मेहता भाजयुमो अध्यक्ष करण व्यास, सीएमओ प्रियंक नवीन पंड्या भूरालाल आदि मौजूद रहे। वहीं अहिल्या मार्ग पर राजपुरोहित परिवार ने स्वागत किया। इस दौरान राजपुरोहित परिवार के वरिष्ठ मांगीलालजी पुरोहित, विनोद पुरोहित, निलेश पुरोहित ने समाजजनो के ऊपर फूलो की बारिश की। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गो से होकर गुजरी और पुन: नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। जहां समाजजनों द्वारा महाआरती का आयोजन किया गया। इसके बाद प्रसादी का वितरण किया गया।