किशनगढ़-रेनवाल| श्री क्षत्रिय युवक संघ का ग्रीष्मकालीन शिविर भोजपुरा में 24 से 31 मई तक आयोजित होगा। शिविर की जागरूकता के लिए राजपूत सभा तहसील महामंत्री दौलत सिंह चिरनोटिया, प्रवीण सिंह विजयपुरा, मनोहर सिंह जालिमसिंह का बास आदि ने रेनवाल तहसील के परिक्षेत्र के ग्राम करड़, मानपुरा, जवान सिंहजी की ढाणी, रेनवाल कस्बा, बधाल, लुनियावास, गदडी, जूनसिया, लालासर, रलावता, हरसोली नांदरी, प्रतापपुरा, सलहदीपुरा आदि गांवों समाज बंधुओं से जनसंपर्क किया। शिविर में समाज के युवकों, बालकों को संस्कार, संस्कृति के साथ पौराणिक इतिहास के ज्ञान का बोध करवाया जाएगा। शिविर में संस्कारित व्यवहार को जीवन मे अंगीकार कर जीवन में शारीरिक व मानसिक कुशलता को बढ़ावा देना इसका मुख्य उद्देश्य रहेगा।
20 महिलाओं को फ्री गैस कनेक्शन किए वितरित
बाघावास| ग्राम लालासर के अटल सेवा केन्द्र में शनिवार को प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत एससी, एसटी व बीपीएल परिवारों की 20 महिलाओं को फ्री गैस कनेक्शन सरपंच तारादेवी मीणा के मुख्य आतिथ्य में वितरित किए गए। रामकिशन मीना ने बताया कि गैस सिलेंडर, चूल्हा, पाइप, रेगुलेटर आदि पाकर महिलाओं के चेहरों पर खुशी की मुस्कान देखने को मिली है।
हजारीलाल जाट को बनाया जिला देहात के अध्यक्ष
फागी| राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलेट के निर्देश पर किसान एवं खेत मजदूर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष संदीप सिंह चौधरी ने रेनवाल मांजी निवासी हजारीलाल जाट को जयपुर जिला देहात के किसान एवं खेत मजदूर कांग्रेस जिला अध्यक्ष के पद पर मनोनीत किया गया है।
खाद की नीलामी आज
हिंगोनिया| ग्राम हिंगोनिया-डूंगरी की गो शाला में रविवार को सवेरे 11 बजे गोबर खाद की नीलामी होगी। यह जानकारी गो शाला अध्यक्ष गोपाल घासल ने दी है।
ढोढसर में 40 लोगों ने आर्गन डोनेशन को किया सपोर्ट
गोविंदगढ़| ग्राम ढोढसर में सरपंच रजनी कुमावत व उपसरपंच भवानी सिंह शेखावत के सानिध्य में मोहन फाउंडेशन जयपुर सिटीजन फोरम नवजीवन टीम के द्वारा अंगदान का महत्व बताया गया। संस्था के गोविंद गुरबानी व पवन कुमार दुबे ने अंगदान के प्रति जागरूकता पर प्रकाश डालते हुए कहा इससे कई लोगों को जीवन दान मिलता है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में 27 लोगों के अंगदान हुए है, जिससे 103 अंगदान मिले और 82 लोगो को जीवनदान मिला है। ग्राम विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह चौपड़ा ने बताया कि 40 ग्रामीणों ने संस्था के कार्यक्रम का सपोर्ट किया और अंगदान के महत्व को समझा। इसी प्रकार ग्राम पंचायत सिंगोद कला में सरपंच गणेशराम चौपड़ा व ग्राम विकास अधिकारी रिछपाल सिंह पूनिया के सानिध्य में अंगदान पर लोगों को जागरूक किया गया।