अवैध वसूली के आरोपित चार युवक गिरफ्तार
फागी | पहाडिया पंचायत क्षेत्र में विकास के नाम पर बजरी के वाहनों से अवैध वसूली व लूटपाट करने के आरोप में चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पंचायत विकास के नाम पर फर्जी रसीदे काटकर अवैध वसूली करने की लगातार शिकायतें मिल रही थी।
हुआ यूं कि फागी थानान्तर्गत ग्राम मुकुन्दपुरा निवासी रमेश चन्द माली ने इस आशय की दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गत रात्रि उसका ड्राईवर ग्राम डीडावता से ट्रक लेकर जयपुर की ओर जा रहा था। स्वयं भी ट्रक में बैठा हुआ था। जैसे ही ट्रक ने पहाडिया को क्रॉस किया तो लाखना रोड पर दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने चालक नन्दलाल माली निवासी हतोना थाना बरोनी को रूकवा लिया और दोनों बाइकें ट्रक के आगे लगा दी।
इसके बाद इन युवकों ने हमें फर्जी रसीद दिखाते हुए कहा कि पांच हजार रुपए दो हम तुम्हें रसीद काटकर देंगे। मना किया तो चारों युवक बाबूलाल गुर्जर, नन्दकिशोर, हनुमान गुर्जर व दयाराम गुर्जर निवासी जयपालपुरा ने पकड़ कर जेब में से पर्स निकाल लिया।
आधार कार्ड, पेन कार्ड, पहचान पत्र, ड्राईवर लाइसेन्स, 1700 रुपए नकद सहित मोबाइल ले लिया। ड्राईवर नन्दलाल की जेब से 1400 रुपए व आधार कार्ड छीन लिया। फागी थाने में बताया तो पुलिस जांच के बाद दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।