फगवाड़ा में 1 हजार को मिलेंगे फ्री कनेक्शन
गरीब की रसोई तक गैस कनेक्शन पहुंचाने के लिए मई 2016 से शुरू हुई प्रधानमंत्री ‘उज्जवला योजना’ के तहत फगवाड़ा में उपमंडल में 1000 के करीब परिवारों को 20 अप्रैल को फगवाड़ा के संगत पुर में फगवाड़ा गैस एजेंसी की ओर से, दरवेश गांव में सोंधी गैस एजेंसी तथा अन्य गैस एजेंसियों की ओर से महिलाओं को गैस के कनेक्शन मुफ्त दिए जाएंगे। यह जानकारी फूड सप्लाई विभाग के एएफएसओ (असिस्टेंट फूड एंड सप्लाईज ऑफिसर) जगमोहन ने दी। उन्होंने बताया कि गैस कनेक्शन के लिए उन महिलाओं को पात्र माना जाएगा, जिनके परिवार ‘सामाजिक आर्थिक जनगणना’ में कमजोर चिन्हित किए गए हैं।
योजना का एक मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और उनकी सेहत की रक्षा करना भी है। केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई इस योजना से गरीब महिलाओं को जल्द ही मिट्टी के चूल्हे से आजादी मिल जाएगी। जगमोहन सिंह ने बताया कि योजना के तहत पंजाब में 40 हजार परिवारों में से 26,519 परिवारों को एलपीजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं। आने वाले समय में यह सुविधा बाकी रहते परिवारों को भी दी जाएगी।
योजना का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना : जगमोहन सिंह
पंजाब में 40 हजार में से 26,519 परिवारों को दिए जा चुके हैं एलपीजी कनेक्शन
ऐसे करें कनेक्शन के लिए आवेदन
असिस्टेंट फूड एंड सप्लाईज ऑफिसर जगमोहन शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना तथा अंत्योदय के लाभ पात्री के साथ-साथ अनुसूचित जाति से संबंधित जिसने गैस कनैक्शन न लिया हो ऐसी उम्मीदवार योजना का लाभ उठा सकते हैं। आवेदन पत्र भरकर नजदीकी एलपीजी वितरण केंद्र में जमा करना होगा। आवेदन पत्र एलपीजी वितरण केंद्र से मुफ्त में प्राप्त किया जा सकता है। जरूरी दस्तावेजों की कॉपी आवेदन पत्र के साथ ही जमा करानी होगी। 2 पन्ने के आवेदन पत्र में मांगी गयी सभी जानकारी नाम, पता, आधार कार्ड नंबर, जन धन/बैंक खाता संख्या को भरना जरूरी है। बीपीएल राशन कार्ड, एक फोटो आईडी जैसे की आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र को आईडी प्रूफ माना जा सकता है।