महिला रेसलर गोदारा का ग्रामीणों ने किया स्वागत
महिला रेसलर गोदारा का ग्रामीणों ने किया स्वागत
ओसियां | भारत की पहली महिला सीडब्ल्यूई चैम्पियन व राजस्थान की पहली महिला रेसलर सन्नी गोदारा का शुक्रवार को ओसियां पहुंचने पर श्री सच्चियाय माताजी अंतरराष्ट्रीय अतिथि गृह में थानाधिकारी नेमाराम चौधरी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने साफा व माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान गोदारा ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि महिलाएं भी पुरुषों से कम नहीं है। उनको भी हर क्षेत्र में भागीदारी निभाने का मौका देना चाहिए। इसके बाद गोदारा ने सच्चियाय माता मंदिर में दर्शन करते हुए प्रदेश में खुशहाली की कामना की। इस दौरान कांस्टेबल लिखमाराम, सुमेर जुणावा, ओम चौधरी, मदन माचरा बैठवासिया, रामप्रताप बैरड़, मूलाराम जाखड़ सहित कई लोग मौजूद थे।
दिनेश ने हासिल किया प्रथम स्थान, मिलेगी स्कॉलरशिप
सामराऊ | एकलखोरी गांव के दिनेश विश्नोई ने वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय से बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा में प्रथम स्थान हासिल किया है। एकलखोरी निवासी चंद्रभान ने बताया कि पेशे से शिक्षक विश्नोई ने दिसंबर, 2016 में आयोजित हुई इस परीक्षा में 75.83 प्रतिशत के साथ यह परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विश्वविद्यालय से मिले पत्र के अनुसार इन्हें इस उपलब्धि के लिए डीसीएम की ओर से छात्रवृत्ति के लिए चुना गया है। विश्नोई द्वारा शानदार रैंक से परीक्षा उत्तीर्ण करने पर क्षेत्रवासियों ने बधाई देते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की।
मालियों का बास स्कूल के तीन छात्रों को मिले लैपटॉप
फलोदी। राउप्रावि मालियों का बास के तीन मेघावी छात्रों विद्यार्थियों को लैपटॉप मिलने पर विद्यालय के समस्त छात्रों व स्टॉफ ने प्रसन्नता जताई। प्रधानाध्यापक धनराज सोनी ने बताया कि तान्या माली पुत्री लक्ष्मणसिंह, विशाल पुत्र ओमप्रकाश व नरेश माली पुत्र ओमप्रकाश को राज्य सरकार द्वारा निशुल्क लैपटॉप प्रदान किया गए।
12 वरिष्ठ अध्यापकों का किया सम्मान
तिंवरी | कस्बे में 12 वरिष्ठ अध्यापकों का सम्मान किया गया। इस मौके पर बीके सर, व्याख्याता ओपी, अनिल शर्मा आदि ने सभी नव चयनितों को बधाई दी। अनिल शर्मा ने बताया कि चयनित अध्यापकों ने तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन करने का संकल्प लिया।
लोड़ता में नया नलकूप खुदने से ग्रामीणों में खुशी की लहर
ठाडिया| लोड़ता अचलावतां में विधायक बाबूसिंह राठौड़ के प्रयासों से नया नलकूप खोदे जाने से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। ग्रामीणों ने बताया कि आजादी के बाद मेघवाल जयपालों की ढाणियों में नलकूप खुदने से अब ग्रामीणों को पानी के लिए नहीं भटकना पड़ेगा। ग्रामीण रेवतसिंह, भंवरसिंह, बालमसिंह, आनंदसिंह, लिछाराम, बाबूराम, घेवरराम, दानाराम, हुकमसिंह, प्रवीणसिंह गहलोत आदि ने विधायक राठौड़ का आभार जताया है।
शिविर में 14 महिलाओं के नसबंदी आपरेशन
बालेसर| सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को नसबंदी शिविर हुआ, जिसमें 14 महिलाओं के दूरबीन पद्धति से ऑपरेशन किए गए। बालेसर सीएचसी के नर्सिंग स्टाफ राहुल गौड़ ने बताया कि शिविर में डॉ. अनिता शर्मा, हनुमान शर्मा, शेली जार्ज, कमला विश्नोई आदि मौजूद थे।
आवारा श्वानों के हमले से घायल हिरण को बचाया
बापिणी| लक्ष्मणनगर क्षेत्र में आवारा श्वानों के हमले से घायल हिरण को वन्यजीव प्रेमियों ने बचा प्राथमिक उपचार कर वन्यजीव चौकी प्रभारी को सौंप दिया। इस दौरान दिनेश थोरी, महेश थोरी, भंवरलाल सारण, हेतराम, सुनील अनिल, दिनेश आदि मौजूद थे।
तिलवासनी सरहद पर घायल कृष्ण मृग को जोधपुर भेजा
खेजड़ला | तिलवासनी गांव के सरहद पर सुबह आवारा श्वानों ने कृष्ण मृग को घायल कर दिया। वह तारों में फंस जाने से काफी चोटें लगी। वन्यजीव प्रेमियों ने उसके तारे से छुड़ा कर इसकी सूचना वन अधिकारी को दी। मौके पर पहुंचे वन्यजीव अधिकारी सोहनसिंह ने उपचार कर रेंजर के कहने पर उसे प्राइवेट गाड़ी से जोधपुर भेजा। इस दौरान महिपाल, पप्पूराम, रमेश, भगवानराम, महेंद्र, राणाराम, रामनिवास, हड़मानदास आदि मौजूद थे।
अग्नि पीड़ित परिवार को दी 35 हजार की सहायता
लोहावट आंचलिक |लोहावट के कई युवाओं ने अग्नि पीड़ित एक परिवार को जनसहयोग से 35 हजार रुपए की राशि एकत्रित कर आर्थिक संबल प्रदान किया। लोहावट विधानसभा यूथ कांग्रेस महासचिव हुकमाराम गोदारा ने बताया कि गत दिनों नौसर गांव में निंबाराम भाखर की ढाणी में अचानक आग लग गई। इससे पूरी ढाणी व अंदर रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। निंबाराम का परिवार बेघर हो गया। शनिवार को यूथ कांग्रेस प्रदेश महासचिव दिलीप चौधरी, खींयाराम चौधरी पल्ली, सोनाराम भाखर, जगमाल कड़वासरा, हनुमान मायला, करनाराम भाखर, श्रवण सियाग, बीरमाराम भाखर, भगराज कड़वासरा, रामूराम सारण, सांवताराम भांभू, सीताराम, भोमाराम भाखर, अमेश बैरड़ ओसियां, मोती प्रजापत, सुरेंद्र पूनिया, जोगाराम, केसुराम, मांगीलाल विश्नोई, ओमप्रकाश जांगू, रूपसिंह पुरोहित आदि ने नौसर निंबाराम के घर जाकर उसे 35 हजार रुपए की नगद सहायता राशि सौंपी।
स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने अपने अनुभव बांटे
बालेसर | सोसायटी टू अपलिफ्ट रूरल इकोनॉमी (श्योर) द्वारा पश्चिमी राजस्थान गरीबी शमन परियोजना (एमपॉवर) के प्रथम चरण के पूर्ण होने पर आईडीसीजी संस्था हैदराबाद द्वारा उसके प्रभावों का आंकलन किया। श्योर के परियोजना समन्वयक कानाराम प्रजापत ने बताया कि सर्वे ब्लॉक के खुड़ियाला, बावड़ी, बावरली, विजयनगर, भालू कलां, राजनगर, गोदेलाई आदि गांवों के 240 चयनित परिवारों की महिलाओं से साक्षात्कार द्वारा किया जा रहा है। सर्वे टीम लीडर हाकमसिंह, राजाराम द्वारा करवाया जा रहा है। 20 सदस्य टीम राजवीर के निर्देशन में कार्य कर रही है।