हिंदू समाज में समरसता के कार्य को संघ आगे बढ़ा रहा है: शांतिप्रसाद
फलोदी. आदर्श विद्या मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि।
भास्कर न्यूज | फलोदी
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ फलोदी द्वारा डॉ. बीआर अंबेडकर की 127वी जयंती की पूर्व संध्या पर आदर्श विद्या मंदिर स्कूल में सामाजिक समरसता दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बद्रीनारायण पंवार प्रधानाचार्य ने कहा कि बाबा साहेब प्रतिभा के धनी थे। बाबा साहेब ने समाजशास्त्र, दर्शनशास्त्र ,अर्थशास्त्र , विधि और राजनीति शास्त्र पर गहन अध्ययन किया। वे रामायण और महाभारत से बहुत प्रभावित थे। उन्होंने जीवन भर पिछड़े तबके के उद्धार व उत्थान के लिए काम किया। प्रांत समरसता प्रमुख शांतिप्रसाद ने कहा कि बाबा साहेब युग दृष्ट्या और युग प्रवर्तक थे। कठिन परिस्थितियों और संघर्षों का जीवन भर सामना कर देश में सभी वर्गों को समानता के स्तर पर लाने का प्रयास किया। वे साम्यवाद को देश के लिए सबसे बड़ा ख़तरा मानते थे। बाबा साहेब के समाज में सामाजिक समरसता के कार्य को ही संघ आगे बढ़ा रहा है। नगर संघचालक भंवरलाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में तुलछाराम, दिलीपसिंह राजपुरोहित, जयराम गज्जा सहित कई लोग उपस्थित रहे।