म्यूजिकल फाउंटेन का लोकार्पण आज
म्यूजिकल फाउंटेन का लोकार्पण आज
पीपाड़ शहर। सौंदर्यीकरण का प्रतीक व्यास पार्क का जीर्णोद्धार एवं म्यूजिकल फाउंटेन का लोकार्पण केंद्रीय विधि राज्यमंत्री पीपी चौधरी द्वारा बुधवार शाम 7:00 बजे अस्पताल चौक में किया जाएगा। अध्यक्षता राज्यसभा सांसद रामनारायण डूडी करेंगे एवं विशिष्ट अतिथि के रुप में क्षेत्रीय विधायक अर्जुनलाल गर्ग व पालिका अध्यक्ष महेंद्र सिंह कच्छावाह सहित समस्त पार्षद व वार्ड वासी मौजूद रहेंगे।
आज तीन घंटे बिजली बंद रहेगी
पीपाड़ शहर| बुधवार को बुचकला, रामड़ावास, पीपाड़ रोड़, मालावास जीएसएस पर सुबह 7 बजे से 10 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी। कनिष्ठ अभियंता अर्जुन चौधरी ने बताया कि डिस्कॉम के सजग कार्यक्रम के तहत 33 केवी व 11 केवी लाइनों के मेन्टीनेस के कारण तीनों जीएसएस से निकलने वालो सभी गांवों मे बुधवार को तीन घंटे बिजली सप्लाई बंद रहेगी।
घंटियाली में “न्याय आपके द्वार’ शिविर आज
घंटियाली | अटल सेवा केंद्र घंटियाली में बुधवार को न्याय आपके द्वार शिविर का आयोजन होगा। ग्राम सेवक सुमेरसिंह राठौड़ ने बताया कि शिविर में सभी 17 विभागों के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर सभी मामलों का निस्तारण करेंगे। शिविर में ज्यादा से ज्यादा संख्या में ग्रामीणों को पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
बालेसर सीएचसी में पुरुष नसबंदी शिविर आज
बालेसर | कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को पुरुष नसबंदी शिविर का आयोजन किया जाएगा। बालेसर खंड मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रीतम सिंह सांखला व सीएचसी प्रभारी डाॅ . डीएस भाटी ने बताया कि सीएचसी बालेसर में बुधवार को पुरुष नसबंदी दिवस पर पुरुष नसबंदी शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा शिविर का आयोजन जिले में महात्मा गांधी अस्पताल, पावटा सेटेलाइट, मंडोर सेटेलाइट, महिलाबाग, प्रतापनगर सेटेलाइट, भोपालगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फलोदी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ईएसआई अस्पताल में भी इसका आयोजन किया जाएगा।