फलोदी में समर्थन मूल्य खरीद केंद्र पर सीसीटीवी की निगाहें
फलोदी | समर्थन मूल्य खरीद केंद्र फलोदी पर क्रय-विक्रय सहकारी समिति द्वारा निगरानी रखने के लिए आठ सीसी टीवी कैमरा लगाए गए है। सोमवार से सीसी टीवी कैमरा की निगरानी में चना व रायड़ा की खरीद शुरू हो गई है। केंद्र पर लगाए गए सीसी टीवी कैमरा को खरीद केंद्र पर एक कमरे में लगाए गए कंप्यूटर से जोड़ा गया है। समिति के जनरल मैनेजर सुनील वीरभान ने बताया कि केंद्र पर निगरानी के लिए सीसी 8 सीसी टीवी कैमरा लगाए गए है। अगर ज्यादा भीड़ बढ़ेगी व ज्यादा कैमरों की जरूरत हुई तो और भी कैमरे लगाए जा सकेंगे।
ऑनलाइन आएगा भुगतान
समर्थन मूल्य पर की जा रही खरीद का भुगतान सीधे किसान के खाते में आएगा। इससे किसानों को पेमेंट के लिए किसी भी प्रकार के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पेमेंट जमा होने पर किसान के मोबाइल पर मैसेज आएगा।
15237 कट्टा की खरीद
प्रति बीघा औसत उत्पादन सीमा बढ़ाई | समिति के जनरल मैनेजर सुनील वीरभान ने बताया कि राजफैड के निर्देशानुसार रायड़ा व चना की प्रति बीघा औसत उत्पादन की सीमा में बढ़ोतरी की गई है। रायड़ा की प्रति बीघा सीमा 1172 किलोग्राम से बढ़ाकर 1348 की गई है। वहीं चना की प्रति बीघा उत्पादक सीमा 942 किलोग्राम से बढ़ाकर 1200 किलोग्राम की गई है। वहीं अधिकतम सीमा 40 क्विंटल निर्धारित की गई है। भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष नरेश व्यास व आंदोलन प्रमुख तुलछाराम सिंवर ने बताया कि संघ ने उत्पादक सीमा बढ़ाने के लिए संघ ने ज्ञापन सौंपा था।
केंद्र के मोहनलाल चौधरी ने बताया कि अभी तक 227 किसानों से 10010 कट्टा रायड़ा व 136 किसानों से 5227 कट्टा चना की खरीद की गई है। खरीद के लिए किसानों को राजफैड द्वारा भेजे जा रहे मैसेज के आधार पर ही निर्धारित तारीख को किसान अपनी फसल लेकर पहुंच रहे है। शुक्रवार के बाद से किसानों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है।