नगरपालिका की ओर से रविवार को विधायक पब्बाराम विश्नोई व अध्यक्ष कमला थानवी की उपस्थिति में नई दमकल व 24.30 लाख की लागत से बने दमकल भवन का लोकार्पण जोधपुर चौराहा के पास किया गया। इस दौरान 3 करोड़ की लागत से बनने वाली डिवाइडर युक्त मलार रोड़ सहित दो अन्य सड़कों का शिलान्यास किया। इस सड़क के बनने से शहर में तीन सड़कें डिवाइडर युक्त हो जाएगी। इस अवसर पर ईओ अविनाश शर्मा, वरिष्ठ पार्षद राधाकिशन थानवी, उपाध्यक्ष दीपक सोनी, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष जेपी जोशी, पार्षद रमेश थानवी, रतनचंद जैन, गवरा व्यास, तुलसी देवी, दिनेश शर्मा, शिव कुमार व्यास, मांगीलाल प्रजापत, गजेंद्र जोशी, जानकीलाल शर्मा, आरआई विक्रमसिंह विश्नोई सहित कई लोग उपस्थित रहे।
1500 ली. क्षमता की दमकल थी मौजूद
स्वायत शासन विभाग से नगरपालिका फलोदी को 3 हजार लीटर क्षमता की नई दमकल गाड़ी मिली है। उल्लेखनीय है पालिका के पास पूर्व में दमकल थी उसे पिछले साल सामराऊ गांव में उपद्रव के दौरान जला दिया गया था। वर्तमान में पालिका के पास 1500 लीटर क्षमता की एक छोटी दमकल भी उपलब्ध है।
फर्स्ट फ्लोर कर्मचारियों का आवास बनेगा
पालिका द्वारा 24.30 लाख की लागत से शहर के जोधपुर चौराहा के पास कृषि मंडी के सामने नया दमकल भवन बनाया गया है। इस भवन में दो गाड़ियों के खड़े रहने की सुविधा के साथ प्रथम मंजिल पर कर्मचारियों के रहने के लिए आवास भी बनाया गया है। पानी की सुविधा के लिए टयूबवैल खुदवाया गया है। पानी स्टोरेज के लिए टांका भी बनाया गया है।
31 अगस्त तक काम पूरा करने की डेडलाइन
शहर में 3 करोड़ 1 लाख 48 हजार की लागत से बनने वाली 1.5 किमी मलार रोड़ का शिलान्यास भी रविवार को किया गया। यह रोड डिवाइडर युक्त बनाए जाएगी, साथ ही राेशनी की व्यवस्था के लिए रोड़ लाइटें लगेगी। पानी निकासी के लिए दोनों तरफ नाला निर्माण भी होगा। मलार रोड़ के बनने से फलोदी से बाप व बीकानेर की तरफ जाने वाले लोगों को सुविधा होगी। इसका वर्क ऑडर जारी हो गया है। 31 अगस्त तक निर्माण कार्य पूरा करने की डेडलाइन निर्धारित है। इस सड़क के बनने से शहर में 3 सड़कें डिवाइडर युक्त हो जाएगी। इसके साथ ही 1 करोड़ 5 लाख की लागत से दो अन्य सड़कों का भी निर्माण व मरम्मत कार्य होगा।