जयपुर | पृथ्वीराज नगर की कॉलोनियों में विकास कार्यों की मांग को लेकर 36 दिन से चल रहे आंदोलन के उग्र होने के बाद जेडीए झुक गया है। जेडीए ने आंदोलनकारियों को वार्ता के लिए बुलावा पत्र भेजा है। आंदोलनकारी इसे बड़ी जीत बता रहे है। अब पृथ्वीराज नगर जन अधिकार संघर्ष समिति व जेडीए कमिश्नर और अन्य अधिकारियों के बीच विकास कार्यों को लेकर बातचीत होगी।
पृथ्वीराज नगर की सैकड़ों कॉलोनियों में पेयजल, बिजली सिस्टम, सीवरेज, पार्क सहित अन्य विकास कार्य करवाने की मांग को लेकर पृथ्वीराज नगर जन अधिकार संघर्ष समिति लंबे समय से आंदोलन कर रही है और 36 दिन से चित्रकूट स्टेडियम स्थित जेडीए कार्यालय के सामने धरना दे रही है। क्षेत्र में काला दिवस मनाने और आधे दिन के बंद रखने सहित अन्य आंदोलन हो चुके है। बीते शुक्रवार को पृथ्वीराज नगर की महिलाओं ने जेडीए मुख्यालय पर प्रदर्शन कर मटके फोड़े थे।
उस समय अतिरिक्त आयुक्त पीआरएन ओपी बुनकर ने संघर्ष समिति को वार्ता का आश्वासन दिया था। संघर्ष समिति के अध्यक्ष एडवोकेट घनश्याम सिंह व संरक्षक अशोक शर्मा ने कहा कि वार्ता के लिए आमंत्रित करना पृथ्वीराज नगर के लोगों की पहली जीत है। पीआरएन की हर समस्या के समाधान के लिए विस्तृत रुप से अधिकारियों से बातचीत की जायेगी। मुख्य समस्याओं में पृथ्वीराज नगर में बीसलपुर का पानी सप्लाई करना, सीवरेज का कार्य प्रारंभ करना, जो कॉलोनियां नियमित की जानी है वहां पर अस्थायी विद्युत कनेक्शन जारी करना, हाइटेंशन लाइनों के नीचे 60 फीट रोड छोड़कर पट्टे जारी करना, पृथ्वीराज नगर में व्यावसायिक व सांस्थानिक पट्टे जारी करना विकास करना है।