मप्र: 70 साल के बुजुर्ग ने 18 माह जमीन खोदकर निकाला पानी
भास्कर न्यूज नेटवर्क | छतरपुर
मध्य प्रदेश के सीताराम लोढी ने सूखी जमीन पर अकेले कुआं खोद डाला। 70 साल के सीताराम ने 18 महीने तक मेहनत कर 33 फीट का कुआं खोद पानी निकाल दिया। बुंदेलखंड क्षेत्र के छतरपुर जिले में सीताराम ने परिवार के विरोध के बावजूद ऐसा काम ठान लिया। उन्होंने 2015 में कुआं खोदना शुरू किया और 2017 में काम पूरी कर लिया। हालांकि, सरकारी मदद के बिना उनकी सारी मेहनत बेकार हो गई जब बिना प्लास्टर कुआं बरसात के पानी में ढह गया। इसके बावजूद सीताराम एक बार फिर तैयार हैं कुएं को नए सिरे से खोदने के लिए। सीताराम का कहना है कि वह दोबारा कुआं खोद सकते हैं अगर सरकार से उसे प्लास्टर कराने के लिए मदद मिल जाए। उधर, लवकुश नगर के जनपद पंचायत सीईओ आरके शर्मा ने बताया कि उन्हें नहीं पता सीताराम ने कपिल धारा योजना के तहत कुएं के लिए आवेदन दिया था या नहीं। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत कुआं खोदने के लिए 1.8 लाख रुपए सरकार की ओर से खर्च किए जाएंगे।