- Hindi News
- National
- मूथा नाडी में बनेगा मूथा सागर पार्क, सहयोग देने आगे आए शहरवासी, समिति का गठन
मूथा नाडी में बनेगा मूथा सागर पार्क, सहयोग देने आगे आए शहरवासी, समिति का गठन
मेड़ता सिटी. शहर के मूथा नाडी विकास को लेकर आयोजित बैठक में उपस्थित शहरवासी।
एसडीएम हीरालाल मीणा बने अध्यक्ष और ईओ को बनाया सचिव, पालिकाध्यक्ष रहेंगे संरक्षक
भास्कर संवाददाता | मेड़ता सिटी
शहर के मूथा नाडी में गंदे पानी की निकासी के बाद इसे मूथा सागर पार्क में विकसित किया जाएगा। मूथा सागर के विकास को लेकर बुधवार शाम को यहां कादरी कॉलोनी स्थित मस्जिद के समीप सर्वसमाज की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक के मुख्य अतिथि एसडीएम हीरालाल मीणा थे। अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष रूस्तम प्रिंस ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में तहसीलदार विशनाराम देवड़ा, ईओ श्रवणराम चौधरी, पालिका उपाध्यक्ष रामसुख मुंशी, पार्षद उमर प्रिंस, रफीक अहमद कादरी, पार्षद कैलाश सिंह गहलोत, दशरथ सारस्वत, पुष्पा दैय्या, अब्दुल अजीज पठान व सीपी बिड़ला थे। एसडीएम मीणा ने कहा कि शहर में कुंडल सरोवर के बाद मूथा सागर का सौंदर्यकरण होगा। यहां आस-पास के लोग गंदे पानी से परेशान थे। मगर अब मूथा सागर से क्षेत्र में रमणीय स्थल बनेगा। पालिकाध्यक्ष प्रिंस ने कहा कि मूथा सागर का विकास होने से क्षेत्रों के लोगों को खास फायदा मिलेगा। इसके साथ शहर के लोग भी यहां भ्रमण करने आ सकेंगे। ईओ श्रवण चौधरी ने कहा कि मूथा सागर के गंदे पानी की निकासी प्रक्रिया पूर्ण हो गई है। अब यहां मिट्टी भरवाकर चारों ओर पौधरोपण करने के साथ ही पॉथ-वे बनाने की तैयारी है। ऐसे में शहर वासियों के लिए घूमने-फिरने के लिए एक अच्छा स्थान विकसित हो जाएगा। इस दौरान एडवोकेट विमलेश व्यास, अब्दुल अजीज पठान व सीपी बिड़ला ने भी संबोधित किया। मंच संचालन शौकत भाटी ने किया। इस मौके पर धर्मीचंद सोनी, इजहार आलम, सत्यनारायण सिखवाल, पूसादास वैष्णव, बशीर खां कायमखानी, शिवलाल बाना आदि मौजूद थे।
मूथा सागर विकास समिति का किया गठन, एसडीएम बने अध्यक्ष
इस दौरान मूथा सागर विकास समिति का गठन किया गया। जिसमें एसडीएम हीरालाल मीणा को समिति अध्यक्ष, पालिकाध्यक्ष रूस्तम प्रिंस को संरक्षक, ईओ श्रवणराम चौधरी को सचिव, पालिका उपाध्यक्ष रामसुख मुंशी को कोषाध्यक्ष, पार्षद उमर प्रिंस को संयोजक, पूसादास वैष्णव को सह सहयोजक व शौकत भाटी को मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया।
पहले ही दिन नाडी के विकास के लिए शहरवासियों ने दिया सहयोग
इस दौरान अर्थ सहयोग के लिए अनेक शहरवासी आगे आए। लोगों ने जनसहयोग से मूथा सागर का विकास करने का संकल्प लिया। इस दौरान पार्षद उमर प्रिंस ने एक लाख रुपए, पालिका उपाध्यक्ष रामसुख मुंशी ने 51 हजार रुपए, समाजसेवी रामनिवास गौरा ने 51 हजार रुपए, हाजी नसीर घोसी ने 31 हजार रुपए, पालिकाध्यक्ष रूस्तम प्रिंस ने 21 हजार रुपए, अशरफ कच्छावा 21 हजार रुपए, एसडीएम मीणा ने 11 हजार, ईओ चौधरी ने 11 हजार, जुगराज टाक 11 हजार रुपए तथा रफीक घोसी ने 11 हजार रुपए देने की घोषणा की। इसके अलावा अनेक लोगों ने 5100 व 2100 व 1100 रुपए का सहयोग देने की घोषणा की। मूथा नाडी के विकास के लिए शहरवासी अर्थ सहयोग देने के लिए आगे आ रहे हैं।