पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 10 हजार की आबादी वाले काचरोदा में 24 घंटे में सिर्फ 15 मिनट ही जलापूर्ति

10 हजार की आबादी वाले काचरोदा में 24 घंटे में सिर्फ 15 मिनट ही जलापूर्ति

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पंचायत काचरोदा में शुक्रवार को काफी लम्बे समय से पेयजल आपूर्ति नहीं होने के कारण गांव की महिलाओं ने पंचायत भवन के ताला लगाकर धरना प्रदर्शन किया। महिलाओं के पहुंचने पर पंचायत भवन में मौजूद कर्मचारी वहां से भाग छूटे। इस पर महिलाओं ने पंचायत भवन के ताला लगाकर पंचायत के सामने 2 घंटे तक दिया। महिलाओं ने बताया कि वर्तमान में 7 से 8 दिनों से पेयजल आपूर्ति मात्र 10 से 15 मिनट तक की जाती है। इसमें 1 या 2 बाल्टी पानी ही मिल पाता है। महिलाओं ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरपंच व सचिव ने धरने पर बैठी किसी भी महिला से समस्या काे लेकर आज तक बात नहीं की और न ही पंचायत पर यह लोग मौजूद रहते हैं।

वार्ड पंच गोपाल लाल कुमावत, विरेन्द्र कुमावत, किरण देवी, पूर्व पंच जमना लाल वर्मा, जुगल कुमावत व नवल किशोर शर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 10 हजार की आबादी वाले इस गांव में पानी की समस्या को लेकर प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है। इस ओर प्रशासन का कोई ध्यान नहीं है। पेयजल के अभाव में संपन्न व्यक्ति 300 से 400 रुपए खर्च कर टैंकरों से पानी ले रहे हैं। जबकि गरीब व असहाय लोगों को गांव से 2-3 किलोमीटर धूप में जाकर पानी लाकर प्यास बुझाना मजबूरी बना हुआ है। पुलिस ने मौके पर जाकर महिलाअों से समझाइस करते हुए उच्चाधिकारियों से बात कर जलापूर्ति करवाने का आश्वासन दिया।

मुझे पंचायत में गए हुए 4 महीने हो गए। ज्यादा जानकारी चाहिए तो बीडीओ से बात करो। महिलाअों से आप ही पूछ लो समस्या। -विश्वनाथ पारिक, पंचायत सचिव

फुलेरा. काचरोदा पंचायत के सामने पंचायत भवन पर ताला लगाकर प्रदर्शन करती हुई महिलाएं।

चांदसिंहपुरा में तीन माह से पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं

भास्कर न्यूज | हिरनोदा

पंचायत ढीण्ढा के राजस्व गांव चांदसिंहपुरा में जनता जल योजना के तहत पेयजल आपूर्ति की जाती है, लेकिन पिछले तीन माह से पेयजल आपूर्ति नहीं होने से ग्रामीणों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है।

ग्रामीण पूर्व सरपंच धनसिंह खंगारोत, बजरंग सिंह, कल्याणसिंह, शंकरसिंह, करण सिंह ने बताया कि ग्राम ढींढा के राजस्व गांव चांदसिंहपुरा में करीब तीन माह से पेयजल आपूर्ति नहीं होने से ग्रामीण पेयजल के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। साथ ही इस भीषण गर्मी में पेयजल की कमी के कारण पक्षी-पशुओं के सामने सबसे ज्यादा पेयजल की समस्या बनी हुई है। इस संबंध में ग्रामीणों ने कई बार पंचायत प्रशासन को अवगत करा दिया, लेकिन आज तक पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई। ग्रामीणों को मजबूरी में 300 से लेकर 400 रुपए में पानी के टैंकर डलवाने पड़ रहे हैं।

इस संबंध में सरपंच अनिता वर्मा का कहना है कि चांदसिंहपुरा में जा रही पाइप लाईन कई जगह से टूटी हुई है तथा कई कनेक्शनधारियों का पिछले कई माह का बिल जमा नहीं होने के कारण मरम्मत व पाइप लाइन का भुगतान करने की समस्या बनी हुई है। शीघ्र ही पाइप लाईन को ठीक करवाकर पेयजल आपूर्ति शुरू की जाएगी। ग्राम विकास अधिकारी हनुमानलाल शर्मा का कहना है कि जनता जल योजना के तहत पेयजल आपूर्ति की जा रही है। पंचायत प्रशासन द्वारा बिजली का बिल का भुगतान करवाया जा रहा है। चांदसिंहपुरा में पाइप लाईन खराब होने के कारण पेयजल आपूर्ति बंद है। अतिशीघ्र ही क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को ठीक करवाकर पानी की सप्लाई की जाएगी।

पानी की समस्या को लेकर महिलाओं ने किया प्रदर्शन

जोबनेर | कस्बे में जलदाय विभाग कार्यालय पर शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस महासचिव विमला जाजोरिया के नेतृत्व में वार्ड 6 व 7 की महिलाओं ने पानी की समस्या को लेकर जलदाय विभाग कार्यालय पहुंच कर रोष व्यक्त किया।

कार्यालय में उपस्थित कर्मचारी सुरेन्द्र सिंह ने महिलाओं को उनकी समस्या अधिकारियों को बताने का आश्वासन दिया।। महिलाओं ने बताया कि कई माह से पानी की समस्या बनी हुई है। शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं होने से गर्मी में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। महिलाओं ने अधिकारियों को मौके पर आकर समस्या को देखने तथा पाईप लाईन डलवाकर लोगों को राहत देने की मांग की है। महिलाओं ने समस्या का समाधान नहीं करने पर धरना देने की चेतावनी दी है।

खबरें और भी हैं...