अटेर रोड पर लोडिंग वाहन में सफर करते लोग।
सुरपुरा, फूप, अटेर से शहर में सवारियां बैठाकर निकल रहे लोडिंग वाहन
भास्कर संवाददाता | सुरपुरा
बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए दुर्घटनाओं के ग्राफ में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन के जारी किए गए निर्देशों का जिले में पालन नहीं कराया जा रहा है। पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात विभाग को निर्देश जारी किए गए हैं, लेकिन ग्रामीण अंचलों से सवारी वाहन के लिए मालवाहकों का उपयोग प्रशासन के नियमों की धज्जियां उड़ा रहा है। दरअसल लोडिंग वाहन में सवारी बैठाने पर रोक लगाने और चालकों के लाइसेंस निरस्त करने सहित वाहन चालकों के ओरिजनल दस्तावेज चेक करने के निर्देश पूर्व में जारी किए गए थे। इसके तहत यदि माल वाहकों में सवारियों बैठाई जाती हैं तो ऐसे वाहन चालकों के लाइसेंस भी निरस्त किए जाएंगे।
लोडिंग वाहनों में सफर मुश्किल
भीषण गर्मी में तपती धूप के बावजूद सुरपुरा, अटेर और फूप के ग्रामीण इलाकों से चलने वाले दर्जनों लोडिंग वाहनों में सवारियों बिठाकर उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। इतना ही नहीं गांवों से चलने वाले मालवाहक शहर की सड़कों से होकर खुलेआम निकल जाते हैं, जिन पर किसी प्रकार का अंकुश या कार्रवाई करने का प्रयास नहीं किया जाता है। जबकि इससे पूर्व भी कई बार लोडिंग वाहन, ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे मालवाहकों में सफर करने वाले लोगों के साथ हादसे हुए हैं। बावजूद न तो पुलिस प्रशासन सुध ले रहा है और न हीं वाहन मालिक इस अनियमितता को रोकने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं ट्रैफिक पुलिस द्वारा इन वाहनों पर खानापूर्ति के लिए कार्रवाई कर दी जाती है। जिससे स्थिति ज्यों की त्यों बनी हुई है।