पिलानी | वर्तमान प्रतिस्पर्धा युग में स्वस्थ शरीर व मन जरूरी है और स्वस्थ शरीर व मन के लिए योग आवश्यक है। यह बात सोमवार को एनएल बिरला प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग केंद्र परिसर में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद भारत सरकार दिल्ली के तत्वावधान में विश्व योग दिवस की तैयारियों को लेकर शुरू हुए 30 दिवसीय निशुल्क योग शिविर का उद्घाटन कर मुख्य अतिथि बीईटी उपनिदेशक केके पारीक ने कही। सीताराम भंडार निदेशक अशोक तोला ने अतिथियों का स्वागत कर बताया कि 21 मई से 21 जून तक चलने वाले निशुल्क योग शिविर के दौरान विभिन्न स्थानों पर केंद्र के योगाचार्यो द्वारा प्रतिदिन एक घंटे प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस मौके पर आशुतोष गुप्ता, रमाकांत केडिया, एसके भट्टाचार्य, विष्णु गौड़, कमल अग्रवाल, डॉ. करण, डॉ. नमिता, योगेश, जितेंद्र शर्मा अन्य साधक मौजूद थे। यूके पांडे ने आभार व्यक्त किया।