भास्कर न्यूज | पिलानी/झुंझुनूं
थाना क्षेत्र के ढक्करवाला गांव का संदीप रविवार को देवरोड़ में लोगों पर रौब जमाने के लिए उन्हें यूपी से लाई पिस्टल दिखा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने देर शाम उसे गिरफ्तार किया। वह कई दिनों से ग्रामीणों को पिस्टल जमा कर उन पर प्रभाव जमा रहा था। सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया।
पुलिस के अनुसार ढक्करवाला निवासी संदीप (24) ने बताया कि वह यूपी से 35 हजार में यह पिस्टल खरीद कर लाया था। रविवार को देर शाम वह देवरोड खेल मैदान पहुंचा। वहां लोगों को पिस्टल दिखा कर धमकाने लगा। इसी बीच, किसी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीअाई मदनलाल कड़वासरा, एसआई अभय सिंह पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां मौजूद संदीप की तलाशी ली। उसके पास 32 बोर की पिस्टल मिली। पुलिस ने पिस्टल जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यूपी से 35 हजार रुपए में यह पिस्टल खरीद कर लाया था। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अारोपी कोई वारदात करने के लिए तो हथियार नहीं खरीदकर लाया है। उसे आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार किया गया है।
दो दिन पहले सूरज नायक को भी पकड़ा पिस्टल समेत : पिलानी पुलिस ने गुरुवार देर रात शातिर अपराधी सूरज नायक को पिस्टल समेत गिरफ्तार किया था। वह नौगांवा झज्जर निवासी सतीश खुंडा के गिरोह में शामिल था। पिछले दिनों बुहाना में पकड़े गए इस गिरोह के सदस्यों के बयान के आधार पर पुलिस ने झुंझुनूं में सीतसर रोड पर एक मकान में दबिश देकर सतीश खुंडा व तीन अन्य साथियों को पकड़ कर तीन पिस्टल जब्त किए थे। सूरज भाग गया था। पुलिस ने रात को ही सूरज को गिरफ्तार कर लिया था।
मर्दानगी बढ़ाने की दवा बेचने के मामले में हो चुका गिरफ्तार
ढक्करवाला निवासी संदीप के खिलाफ पिलानी थाने में औषधीय चमत्कार अधिनियम के बारे में मामले दर्ज हो चुके है। वह लोगों को मर्दानगी बढ़ाने वाली औषधीय बेचता था। इस संबंध में पिलानी थाने में उसके खिलाफ दो मामले दर्ज हैं।