- Hindi News
- National
- 134 ए फॉर्म में पेरेंट्स का आधार कार्ड नहीं होने की वजह से रद्द किया एडमिशन फॉर्म
134 ए फॉर्म में पेरेंट्स का आधार कार्ड नहीं होने की वजह से रद्द किया एडमिशन फॉर्म
रवीश कुमार झा | पंचकूला raveesh.jha@dbcorp.in
अगर आपने अपने बच्चे का एडमिशन 134ए के तहत करवाना है और किसी डॉक्यूमेंट्स की वजह से आपके बच्चे का फॉर्म रिजेक्ट कर दिया गया है तो आपके पास अभी भी मौका है। 14 अप्रैल शनिवार को आप अपने एरिया के ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर के ऑफिस जाकर दोबारा से डॉक्यूमेंट्स जमा करवा सकेंगे। अगर डॉक्यूमेंट्स के बनने में समय लगेगा तो उसके लिए अंडरटेकिंग देकर आपके बच्चों के फॉर्म को कंसीडर करने के बाद शिक्षा विभाग की ओर से फाइनल लिस्ट तैयार की जाएगी।
वहीं, रिजल्ट निकलने तक सभी पेरेंट्स को जरूरी डॉक्यूमेंट्स बनवाने होंगे, ताकि एडमिशन से पहले विभाग के पास बच्चे से जुड़े सभी तरह के रिकार्ड्स हों।
इस संबंधी डीईईओ उर्मिल बांगड़ ने बताया कि ब्लॉक ऑफिसरों को निर्देश दिया गया है कि वह जिन-जिन बच्चों के या उनके पेरेंट्स के डॉक्यूमेंट्स नहीं हैं उनसे अंडरटेकिंग लेकर उनके फॉर्म को कंसीडर करें और उसके बाद ही एडमिशन के लिए फाइनल लिस्ट तैयार की जाएगी। हां, पेरेंट्स रिजल्ट निकलने तक जरूरी सभी डॉक्यूमेंट्स तैयार करवाकर जमा करवा दें। इसके लिए शनिवार को भी ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर काम करेंगे। अगर पेरेंट्स रिजल्ट तक डॉक्यूमेंट्स जमा नहीं करवाते हैं तो उनके बच्चों का रिजल्ट घोषित कर प्रकाशित नहीं किया जाएगा।
दरअसल 134ए के तहत जिले के प्राइवेट स्कूलों में दूसरी से 12वीं क्लास में एडमिशन के लिए 15 अप्रैल को सेक्टर-6 गवर्नमेंट सीनियर सेकंडरी स्कूल व पिंजौर सीनियर सेकंडरी स्कूल में टेस्ट लिया जाएगा। उसके बाद 20 अप्रैल को रिजल्ट की घोषणा की जाएगी। पंचकूला व पिंजौर ब्लॉक में 700 से 134ए के तहत 700 आवेदन लिए गए हैं। इसमें करीब 150 से ज्यादा आवेदन को डोमिसाइल, पेरेंट्स के आधार कार्ड सहित अन्य डॉक्यूमेंट्स नहीं होने की वजह से रिजेक्ट किया गया था। जिसे बाद में डीईईओ के निर्देश के बाद कंसीडर किया जाएगा।
पिंजौर ब्लॉक में शुक्रवार को हुआ हंगामा
मंगलवार 10 अप्रैल को 134ए के तहत कई फॉर्म जमा करने गए पेरेंट्स का एडमिशन फॉर्म शिक्षा विभाग की ओर से डॉक्यूमेंट्स के अभाव की वजह से रिजेक्ट कर दिया गया। शुक्रवार को पिंजौर ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर के ऑफिस में पहुंचे पेरेंट्स को फॉर्म रिजेक्शन के बारे में जानकारी मिली। जिसके बाद पेरेंट्स ने वहां पर हंगामा कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक चली बहस की वजह के बाद पेरेंट्स ने मामले की शिकायत डीईओ हरमिंदर सिंह सैनी को दी। सैनी ने बीईओ को मामले में कार्रवाई करने को कहा। उसके बाद डीईईओ ने निर्देश जारी किए।
ये कहा पेरेंट्स ने...
-सुरेंद्र कुमार ने बताया कि 134ए के तहत बेटे का दूसरी क्लास में एडमिशन करवाना था। आवेदन फॉर्म में बच्चे का आधार कार्ड था लेकिन मेरा आधार कार्ड नहीं लगा होने की वजह से फॉर्म रिजेक्ट कर दिया गया। बाद में डीईओ व डीईईओ ने आदेश जारी किए
-सेक्टर-26 के प्रदीप कुमार ने बताया कि 134ए के तहत बेटे का 5वीं क्लास में एडमिशन करवाना था लेकिन डोमिसाइल सर्टिफिकेट नहीं होने की वजह से फॉर्म रिजेक्ट कर दिया गया जो कि सही नहीं था। काफी बहस होने के बाद डीईओ ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए निर्देश जारी किया और उसके बाद कार्रवाई की।
बीईओ से पेरेंट्स की बहस...पेरेंट्स की भीड़ को देखते हुए ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर अजीत सिंह चुग ऑफिस से बाहर चले गए। ना ही उन्होंने किसी का फोन उठाया और ना ही उन्होंने पेरेंट्स से बात की। पेरेंट्स की कर्मचारियों के से काफी बहस हुई।