पांचोलास में नालियां जाम, रोड पर फैला कीचड़, लोग परेशान
पीपलवाड़ा| ग्राम पंचायत पांचोलास में कई दिनों से नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण नालियां जाम हो गई है तथा नालियों का सारा कचरा व गंदगी बीच रोड पर और राजकीय पशु चिकित्सा उपकेंद्र के सामने जमा हो रहा है। पशु चिकित्सा उपकेंद्र के नरसीलाल मीणा सहित अन्य लोगों ने बताया कि नालियों की पिछले कई दिनों से सफाई नहीं हुई है। ऐसे में वहां से गुजरने वाले लोगों तथा पशु चिकित्सा उपकेंद्र पर आने वाले पशुपालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं गंदगी फैलने से मच्छरों के पनपने के साथ ही बीमारी फैलने का भी अंदेशा बना हुआ है। कचरे से उठती दुर्गंध वातावरण को दूषित कर रही है। इस बारे में कई बार पंचायत प्रशासन को अवगत करा दिया, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं होने से समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र समस्या समाधान की मांग की है।