शौचालय घोटाले में कार्रवाई की मांग
पिपरिया| पंचायत पथरकुही (बनखेड़ी) में शौचालय घोटाले की जांच अनुसार उचित कार्रवाई की मांग की। मंगलवार दोपहर अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के नाम एसडीएम को ज्ञापन दिया। खरसली निवासी गजेंद्र सिंह पटेल एवं अन्य ने एसडीएम कार्यालय के रीडर जीडी सोनी को ज्ञापन दिया। शौचालय निर्माण में धांधली की गई। जांच के लिए ग्रामीणों ने 24 मार्च 2017 को ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद बनखेड़ी जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कमेटी बनाकर जांच कराई। सरपंच एवं सचिव पर 2.55 लाख रुपए का गबन सिद्ध होने पर जांच प्रतिवेदन जिला पंचायत भेजा। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। ज्ञापन सौंपते समय धर्मेंद्र सिंह नागवंशी, राजेंद्र सोनिया सहित अन्य उपस्थित रहे।