पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 1.10 लाख क्विं. गेहूं जमा, 3 केंद्रों का 25 हजार क्विं. रैक से बाहर भेजने की तैयारी

1.10 लाख क्विं. गेहूं जमा, 3 केंद्रों का 25 हजार क्विं. रैक से बाहर भेजने की तैयारी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गुरुवार को रेलवे रैक मिलने की संभावना है। लिहाजा रैक (माल गाड़ी) से सरकारी खरीदी का गेहूं एफसीआई सेंटर भेजने के लिए रैक प्वाइंट पर बुधवार को रखा गया। गेहूं खरीदी केंद्र देवगांव, तरौन और रामपुर से गेहूं की बोरियों को रैक पाइंट पर रखा गया है। केंद्रों पर 1.10 लाख क्विंटल गेहूं जमा है। जबकि खरीदी 4.30 लाख क्विंटल हो चुकी है। केंद्रों पर गेहूं की आवक तेजी से हो रही है। उस गति से उठाव नहीं हो पाता है। हालांकि अवकाश दिनों में कवर करने की कोशिशें हो रही हैं।

सबसे ज्यादा रामपुर में 25 हजार क्विंटल, देवगांव में 20 हजार क्विंटल और तरौन समिति में 12 हजार क्विंटल गेहूं रखा है। रेलवे रैक से करीब 25000 क्विंटल गेहूं बाहर भेजा जाएगा। एफसीआई के माध्यम से गेहूं बाहर भेजा जा रहा है। बुधवार को दिन भर ट्रकों से गेहूं रैक प्वाइंट पर पहुंचाया गया। ट्रक व्यस्ततम इलाकों से गुजरे क्योंकि रैक प्वाइंट के लिए वैकल्पिक मार्ग नहीं है। मंगलवारा, सीमेंट रोड, सांडिया रोड इलाके में ट्रैफिक संबंधी असुविधाएं हुईं। सांडिया रोड पर बार-बार जाम के हालात बने। यात्री बसें, ऑटो भी रोड किनारे खड़े कर दिए जाते हैं। शासकीय गेहूं खरीदी के लिए जूट वाले घटिया बारदानों की सप्लाई हुई है। वे बार-बार उठाने में फट रहे हैं। हालांकि अब प्लास्टिक बैग समितियों को पहुंचाए गए हैं। गेहूं खरीदी के लिए बने अधिकांश केंद्र खुले में बने हैं। 4 दिन पहले रामपुर खरीदी केंद्र पर जगह ना होने के कारण किसानों को असुविधा हुई थी। हालांकि अब उठाव शुरू हो गया है। आवक तेज होने से दिक्कतें हो जाती हैं। रामपुर केंद्र पर रोज करीब 13 हजार क्विंटल गेहूं की खरीदी हो रही है।

कृषक राजा पलिया ने बताया अब स्थितियां सुधर गई हैं। इधर कृषि मंडी केंद्र के देवगांव और तरौन समिति समर्थन मूल्य पर चना खरीदी भी करेंगी। इसके लिए खरीदी स्थल पर जगह होना जरूरी है। एक दिन में पंजीकृत किसान से 40 क्विंटल चना ही खरीदा जाएगा। चना खरीदी मॉनीटरिंग मंडी प्रशासन करेगी। ताकि अव्यवस्थाएं ना हों। समर्थन मूल्य 1735 रुपए प्रति क्विंटल पर गेहूं बेचने के लिए 9,600 किसानों के पंजीयन हैं। बुधवार को अवकाश के कारण मंडी रही। गुरुवार को फिर मंडी खुलेगी। शासकीय और अनुबंधित 26 गोदामों में गेहूं जमा हो रह है।

पिपरिया। कृषि मंडी में जमा गेहूं से भरी बाेरियां।

गेहूं खरीदी सुचारू चल रही है

गेहूं खरीदी सुचारू चल रही है। 4.10 लाख क्विंटल की खरीदी हो चुकी है। 1.10 लाख क्विंटल गेहूं केंद्रों ं पर जमा है। गेहूं उठाव चल रहा है। किसानों के खाते में भुगतान भी ट्रांसफर किया जा रहा है। प्रमोद पुरोहित, प्रबंधक, जिला सहकारी बैंक, पिपरिया

बैंकों में कैश की समस्या है

सरकारी और प्राइवेट बैंकों में कैश समस्या से परेशानी है। शादी-विवाह के सीजन में लोग परेशान हैं। जिला सहकारी बैंक में भी कैश प्राबलम है। किसानों को नकद भुगतान मांग के अनुरूप नहीं होता है। भारतीय स्टेट बैंक मेन ब्रांच में भी नकदी की कमी है। जिससे दूसरी बैंकों को भी पैसा नहीं मिल पा रहा है। शहर में स्टेट बैंक मेन ब्रांच चेस्ट ब्रांच है। जहां से दूसरी बैंकों को पैसा जारी होता है। किसानों के खाते में गेहूं खरीदी के अभी 18 करोड़ रुपए का भुगतान जारी हो गया है। जबकि खरीदी करीब 50 करोड़ रुपए की हो गई है। एटीएम में भी नाेट की कमी है। शहर में करीब 10 एटीएम संचालित हो रहे हैं।

शासकीय खरीदी के गेहूं को रेलवे रैक से बाहर भेजने की तैयारी है। एफसीआई की रैक लगेगी। देवगांव, तरौन और रामपुर से गेहूं का उठाव हो रहा है। बड़ी रैक लगी तो 33000 क्विंटल और छोटी मिली तो करीब 25000 क्विंटल गेहूं एक रैक से बाहर भेजा जाएगा। एफसीआई अपने सेंटरों पर इसका भंडारण करेगी। जीएस पटेल, प्रभारी नागरिक आपूर्ति निगम, पिपरिया

खबरें और भी हैं...