पिपरिया| श्रमिक कार्ड योजना के तहत नगरपालिका परिषद कार्यालय में पंजीयन शिविर लगे हैं। अब तक 7,400 लोगों के पंजीयन हो चुके हैं। श्रमिक वर्ग के लोगों के पंजीयन इसमें होना है। जिनके पास 2.5 एकड़ से कम जमीन है वे भी पंजीयन करा सकेंगे। रविवार को आयोजित शिविर में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष राजीव जायसवाल ने कहा श्रमिक कार्ड मप्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसमें हितग्राही को 200 रुपए मासिक फ्लैट रेट में बिजली मिलेगी। सरकार गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार के लिए 4000 रुपए एवं डिलेवरी होने पर 12 हजार 500 रुपए खाते में डालेगी। इसी तरह सामान्य मृत्यु होने पर 2 लाख और दुर्घटना में मृत्यु होने पर 4 लाख रुपए श्रमिक कार्ड हितग्राही के परिजन को प्रदान किए जाएंगे।
जायसवाल ने कहा मुख्यमंत्री श्रमिकों के लिए पिटारा खोल दिया है। उन्होंने नगर सीमा क्षेत्र के श्रमिकों से नगर पालिका परिषद कार्यालय और विशेष शिविर में आकर पंजीयन कराने का आह्वान किया। नपाध्यक्ष जायसवाल स्वयं भी रविवार सुबह आयोजित पंजीयन शिविर बैठे और हितग्राहियों के फार्म भरवाए। सीएमओ नरेंद्र रघुवंशी ने बताया श्रमिक योजना पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संबोधन का सीधा प्रसारण पुराना गल्लामंडी में दिखाया गया।