मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने सरकार की पुरानी योजनाओं का नया पैकेज मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना बनाकर शनिवार से जनता के लिए सौंप दिया। इस योजना के तहत लोगों को पट्टे,मकान, मेडिकल की सुविधा सहित अन्य सुविधाएं मिलेंगी। योजना शुरू करने सीएम दोपहर 1 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। इसके पहले उन्होंने रोड शो भी किया। मंगलवारा चौराहे पर उन्हें लड्डुओं से तौला गया। इस योजना के केंद्र में गरीब वर्ग है। मुख्यमंत्री ने कहा आज भाषण देने नहीं आया, गरीबों की किस्मत बदलने की योजना के बारे में बताने आया हूं। सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा सिर्फ नारों से गरीबी दूर होती है। कुछ स्वार्थी लोग जात-पात में बांटने का प्रयास करेंगे लेकिन हमें बंटना नहीं है। एक रहना है। उन्होंने कहा इस योजना में मेहनत मजदूरी करने वाले पात्र होंगे। शासकीय नौकरी वाले इस योजना का लाभ नहीं ले सकेंगेे। जिन लोगों के पास रहने के लिए जमीन नहीं हैं, उन्हें जमीन के पट्टे दिए जाएंगे। गरीबों को क्रमबद्ध ढंग से 2023 तक पक्के मकान बनवाने की योजना भी शामिल है। कार्यक्रम में हाेशंगाबाद और नरसिंहपुर जिले के करीब 50 हजार लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम को शुरुआत में सांसद उदयप्रतापसिंह, विधायक ठाकुरदास नागवंशी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में विस अध्यक्ष अध्यक्ष डॉ. सीताशरण शर्मा, पीडबल्यूडी मंत्री रामपालसिंह, सांसद उदयप्रतापसिंह, प्रभारी मंत्री जालमसिंह पटेल, विधायक ठाकुरदास नागवंशी, जिलाध्यक्ष हरिशंकर जायसवाल, विधायक संजू शर्मा, विधायक सरताजसिंह, विधायक विजयपालसिंह ,राजो मालवीय, नगरपालिका अध्यक्ष राजीव जायसवाल आदि मौजूद थे।
यह है योजना
इस योजना के माध्यम से गरीबों के शिक्षा, स्वास्थ्य की चिंता सरकार करेगी। मेडीकल कॉलेज की तक की फीस भी सरकार भरवाएगी। गरीबों को सीमित उपयोग के तहत 200 रुपए प्रति माह बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। हर साल 1 लाख श्रमिकों को रोजगार तथा ऋण पर सब्सिडी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रसूता महिला को आर्थिक सहायता दी जाएगी। बच्चे के जन्म के पहले 4 हजार और बाद में 12 हजार रुपए महिला के खाते में जाएंगे। इस योजना का लाभ लेने केलिए लोगों को आवेदन करना होगा। आवेदन स्व-प्रमाणित होंगे। यदि जांच में कोई गड़बड़ी मिलती है तो संबंधित पर कार्रवाई होगी।
पात्रों को 13 जून को लाभ मिलेगा
सीएम ने बताया 1 अप्रैल से 20 मई तक जितने भी पात्र चिन्हित होंगे। उन्हें 13 जून को कार्यक्रमों को योजना का लाभ देंगे। पट्टे, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि क्षेत्रों में लाभ दिया जाएगा। जिले में 18 अप्रैल तक असंगठित शहरी ग्रामीण श्रमिकों के 213846 लोगों के पंजीयन हो चुके हैं। जिले में अब तक करीब 80,000 पट्टे बंटे हैं। आगामी समय में करीब 1 लाख पट्टे बांटने का लक्ष्य है।
सांसद ने उठाई डोकरीखेड़ा डेम की मांग
सांसद उदयप्रतापसिंह ने डोकरीखेड़ा डेम से सिंचाई समस्या का मुद्दा आपने संबाेधन में उठाया। सीएम ने कहा परीक्षण करवा लेते हैं यदि बनेगा तो बनवा देंगे। डोकरीखेड़ा डेम बारिश आधारित है। शहर से 12 किमी दूर ग्राम डाेकरीखेड़ा में यह स्थित है।