बाल विवाह कराने वालों पर पंडित कराएंगे एफआईआर दर्ज
बाल विवाह जैसी कुरीति को दूर करने के लिए अब वैवाहिक कार्यक्रम कराने वाले पंडित सख्त हो गए हैं। बाल विवाह कराने वाले लोगों के खिलाफ प्रशासन जो भी कार्रवाई करे लेकिन अब पंडित उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे। यह निर्णय बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय ब्राह्मण समाज की बैठक में लिया गया।
समाज के तहसील अध्यक्ष पंडित नवीन तिवारी ने कहा कि बाल विवाह एक कुरीति है, जिसके लिए पंडित प्रशासन के साथ खड़े हैं। वैवाहिक कार्यक्रम कराने वाले पंडित अब कोई बाल विवाह नहीं कराएंगे। बच्चों के भविष्य को देखते हुए प्रशासन को तत्काल सूचना देंगे और ऐसे लोगों के खिलाफ एफआईआर कराएंगे। इसके साथ ही ब्राह्मण परिवार में शादी विवाह होंगे तो उनकी शादियों में सभी देवताओं के मंत्रोच्चार के साथ परशुराम जी की आरती व जप भी किया जाएगा। शादी के कार्ड छपवाए जाते हैं उनमें भगवान परशुराम जी की तस्वीर भी छपवाए जाने ब्राह्मण बंधुओं को प्रेरित करेंगे।