पिपरई| तहसील परिसर में बैठा एक दस्तावेज लेखक लोगों के गलत फार्म भर रहा है। शिकायत करने पर लोगों के साथ शराब के नशे में अभद्र व्यवहार करता है। लोगों ने इसकी शिकायत कई बार तहसीलदार से की है। इसके बाद भी इस दस्तावेज लेखक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। शराफत खान मोनू ने बताया कि वह अपने भतीजे का जाति प्रमाणपत्र बनवाने के तहसील कार्यालय गया था। जहां बैठे दस्तावेज लेखक धनसिंह को टाइपराइटर पर फार्म भरने के लिए दे दिया। दस्तावेज लेखक ने शराब के नशे में उक्त फार्म को गलत भर दिया। इसके बाद दूसरा फार्म भरने के दिया तो उसने वह भी खराब कर दिया। जब इसकी शिकायत दस्तावेज लेखक से की तो उसने शराब के नशे में मेरे साथ अभद्र व्यवहार किया। तहसील कार्यालय में आए किसानों ने बताया कि उक्त दस्तावेज लेखक तहसील परिसर में ही बैठकर शराब पीता है। वहीं कई किसानों की खसरा खतौनी की नकल के आवेदन भी गलत भर देता है। लोगों ने तहसीलदार से शराबी दस्तावेज लेख कर को तहसील परिसर से हटाने की मांग की है। इस संबंध में तहसीलदार यूसी मेहरा ने बताया कि यह व्यक्ति तहसील से संबंधित कर्मचारी नहीं है। हां कुछ लोग, लोगों की मदद के लिए यहां टेबल कुर्सी लगाकर बैठे रहते हैं। अगर यह व्यक्ति लोगों के साथ ऐसा कर रहा है तो कल ही इसका सब सामान भरवा कर तहसील परिसर से हटा दिया जाएगा।
शिकायत करने पर शराब के नशे में करते हैं अभद्र व्यवहार