जम्मू कश्मीर के आरएस सेक्टरपुरा में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए जवान सीताराम उपाध्याय को लेकर पालगंज सहित आसपास के गांवों में आक्रोश का माहौल है। पाकिस्तानी आतंकवादियों के खिलाफ लोग रोष व्यक्त कर रहे हैं, इसके साथ मोदी सरकार की भी आलोचना की जा रही है। कहा कि मोदी सरकार आतंकवादियों पर हमला करने की छूट जवानों को दे, अन्यथा इसी तरह देश के सपूतों को आतंकवादी मौत की नींद सुलाते रहेंगे। स्थानीय लोगों ने केंद्र सरकार से पाकिस्तान के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं एक तरफा सीजफायर को लेकर सरकार की कड़ी आलोचना भी की जा रही है। बताया जाता है कि सरकार ने रमजान को लेकर जवानों को सीजफायर का आदेश दिया था। लेकिन पाकिस्तान के आतंकवादियों ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी एवं मोर्टार दागे। इधर इस घटना से मर्माहत एवं आक्रोशित लोगों ने सरकार से आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जवानों को खुली आदेश देने की मांग की है। इधर लोगों ने मांग की है कि शहीद के नाम पर पालगंज मोड़ पर शहीद सीताराम उपाध्याय की स्मारक के साथ एक भव्य द्वार बनाई जाए।
पीरटांड़ के लाल के शहीद होने से मर्माहत है पालगंज व आसपास के ग्रामीण
पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब मिलना चाहिए, आरपार की लड़ाई होनी चाहिए
घटना से आक्रोशित ग्रामीण ग्रीष्म कुमार भक्त ने कहा कि पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब मिलना चाहिए। आरपार की लड़ाई होनी चाहिए, तभी पाकिस्तान की कायराना हरकत बंद होगी।
कपिल देव उपाध्याय ने कहा कि पाकिस्तानी आतंकवादी संगठनों पर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। पालगंज के जवान पर हमें गर्व है। वह एक होनहार लाल था, जिसे आतंकवादियों ने हम सबों से छीन लिया।
दिगम्बर प्रसाद बख्शी ने इस घटना को लेकर केंद्र की गलत नीति की निंदा की है। लगातार सीजफायर का उल्लंघन किया जा रहा है, और हमारे जवान शहीद हो रहे हैं। पाकिस्तान पर कठोर कार्रवाई की जाए।
ठेला दुकानदार मनोज गुप्ता ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि पाकिस्तान पर कार्रवाई करने का वक्त आ गया है। स घटना के लिए कठोर कार्रवाई की मांग करते हैं। आतंकवादी को सरेआम नंगा करके गोली मारनी होगी।
वहीं रविरंजन सिंह उर्फ शिंटू ने केन्द्र सरकार की कड़ी निंदा की है। वहीं पाकिस्तान पर हमला करने की मांग की है। कहा है कि मोदी सरकार सिर्फ बातें करते हैं। अब समय आ गया है जब सेना को खुली छूट दे दी जाए।
बुजुर्ग मौजी सिंह ने कहा कि पाकिस्तान पर जल्द ही हमला कर दिया जाए। लातों के भूत बातों से नहीं मानते हैं। कश्मीर पर पाकिस्तान का समर्थन करने वालों को भी गोली मार देनी चाहिए। कब तक सरकार सब्र करते रहेगी।