कारीगर से लूटे दस हजार, दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
जेठाना| केसरपुरा में बीती रात्रि पोल्ट्री फार्म की छत को बांधकर अपने परिवार का गुजर बसर करने वाले कारीगर को दो बाइक सवार लुटेरों ने मकरेडा में रेलवे की पटरियों के पास रास्ता रोककर लूट लिया। लूट के मामले में शनिवार को पुलिस ने केसरपुरा के दो युवकों को गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया। मामले में पीसांगन के मोतीसर निवासी पीड़ित सेठु पुत्र लुंबा गवारिया मायापुर दौराई सहित आसपास के गांव में स्थित पोल्ट्री फार्म की छत पर गर्मी से बचाव के लिए छत पर छप्पर बांधने का काम करता है। शुक्रवार रात्रि वह एक पोल्ट्री व्यवसाय से अपनी मजदूरी के 10 हजार रुपए लेकर बाइक पर सवार होकर केसरपुरा मैदा मिल के कच्चे रास्ते से मकरेडा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान मकरेडा की रेलवे लाइन के पास पीछे से बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने आगे आकर उसका रास्ता रोक लिया। दोनों आरोपियों ने छीना झपटी कर उसकी जेब में मौजूद 10 हजार रुपए, आधार कार्ड व पहचान पत्र सहित अन्य कागजात लूट लिए और वापस जिस दिशा से आए उसी दिशा की तरफ केसरपुरा की ओर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित मांगलियावास थाने पहुंचा। मांगलियावास पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई। इस पर हरकत में आई मांगलियावास पुलिस ने लुटेरों की तलाश आरंभ कर दी। तलाश के बाद एएसआई कानसिंह नरूका की अगुवाई मे पुलिस दल ने शनिवार शाम दो आरोपी युवक केसरपुरा निवासी नितेश व उसके साथी बबलू रावत को गिरफ्तार किया गया।