जेठाना| लामाना में सोमवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मांगलियावास पुलिस ने मृतका का शव पीसांगन चिकित्सालय में रखवाया है।पुलिस सूत्रों के मुताबिक नेशनल हाइवे संख्या आठ पर स्थित लामाना में होटल मिश्रा के पास सोमवार सुबह करीब 10 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से अज्ञात महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना पर हैड कांस्टेबल उर्मिला चौहान व कांस्टेबल जीप चालक भागचंद चौधरी घटनास्थल पहुंचे। शव कब्जे में लेकर हाइवे एम्बुलेंस की सहायता से पीसांगन के राजकीय चिकित्सालय के चीरघर में रखवाया गया। मृतका के शव के पास पुराने कपड़ों से भरी एक गठरी मिली। ग्रामीणों द्वारा शिनाख्त में असमर्थता जताने से महिला के बाहरी व खानाबदोश होने की संभावना जताई जा रही है।