मांगलियावास ग्राम पंचायत तथा दौलतखेड़ा के ग्रामीणों की शिकायत पर गुरुवार को पीसांगन तहसीलदार सुभाष चंद गोयल व पटवारी अरविंद सिंह ने ग्रामीणों की मौजूदगी पर दौलतखेड़ा में चरागाह भूमि पर किए जा रहे अतिक्रमण का जायजा लिया। पटवारी ने मौका पर्चा रिपोर्ट तैयार की। मौका निरीक्षण के दौरान मौके पर कालबेलिया जाति के लोगों द्वारा दौलतखेड़ा के चारागाह भूमि पर अतिक्रमण पाया गया। मौके पर कालबेलिया समाज के लोग विलायती बबूल को जलाकर कोयला बनाने के काम में लगे थे। इस पर मौका पर्चा रिपोर्ट बनाकर तहसीलदार गोयल द्वारा कालबेलिया समाज के लोगों को चरागाह भूमि पर कोयला बनाने से रोका एवं पाबंद करने की कार्रवाई की गई। मामले में तहसीलदार द्वारा अतिक्रमण पर पृथक से कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस दौरान सरपंच पति रामदेव डिया समेत ग्रामीण मौके पर मौजूद थे। गौरतलब है कि 2 दिन पूर्व सरपंच सीमा चौधरी समेत ग्रामीणों ने पीसांगन तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर दौलतखेड़ा में चरागाह भूमि पर अतिक्रमण कर कोयला बनाने की शिकायत की थी।
जेठाना. दौलतखेड़ा में चरागाह भूमि पर अतिक्रमण का जायजा लेते तहसीलदार गोयल।