पंजाब किसान सभा व कुल हिंद खेत मजदूर यूनियन द्वारा 23 मई को देश भर में की जाने वाली पोल खोल हल्ला बोल रैली की तैयारियों के संबंध में ब्लाक सड़ोआ के गांव बेगमपुर में बैठक की गई। बैठक को संबोधित करते हुए सीटू के प्रदेश नेता कामरेड महां सिंह रौड़ी ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से चुनावों के दौरान किए वायदों को पूरा नहीं किया जा रहा। मोदी सरकार की नीतियों ने लोगों को बेरोजगारी, महंगाई, फिरकापरस्ती देकर लोगों में डर पैदा किया है। उन्होंने अन्य कमेटी सदस्यों से अपील की कि केंद्र की नीतियों के खिलाफ संघर्ष किया जाए तथा 23 मई को नवांशहर में की जाने वाली रैली को कामयाब करने के लिए पूरा जोर लगाना चाहिए। बैठक में परमजीत सिंह रौड़ी, प्यारा सिंह, हरविंदर कुमार, महिंदर सिंह, प्रकाश सिंह, करनजीत सिंह, स्वर्णजीत सिंह आदि मौजूद रहे।