पुर्तगाल की बजाय लड़के को तुर्की में छोड़ा, 2 लोगों पर केस
ठगी के मामले में पुलिस ने दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सड़ोआ निवासी कांता देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपने बेटे को पुर्तगाल भेजने के लिए थाना समराला में पड़ते गांव कुबा निवासी बलविंदर सिंह और बिजलीपुर निवासी जरनैल सिंह से 5 लाख 50 हजार रुपए में सौदा किया था। उन्होंने 2 लाख 20 हजार रुपए कैश और 3 लाख 30 हजार रुपए उक्त लोगों के नाम पर बैंकों में जमा करवाए थे। कांता देवी ने बताया कि जुलाई 2017 में उनके बेटे को दोनों लोग घर से ले गए लेकिन उनका लड़का अभी तक पुर्तगाल नहीं पहुंचा। उन्होंने बताया कि दोनों लोगों ने उनके बेटे को पांच महीने तक जार्जिया में रखा। अब उनका लड़का एक महीने से तुर्की है। उक्त एजेंट उसे रास्ते में ही छोड़ कर वापस इंडिया आ गया। उसने उनके पैसे वापस करने से भी इंकार कर दिया। उसने शिकायतकर्ता से सिक्योरिटी के तौर पर तीन खाली चैक भी लिए। आरोपियों ने उनसे लिए पैसे वापस करने से भी इंकार कर दिया। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि उक्त एजेंटों के पास कोई लाइसेंस भी नहीं है। एएसआई सुखपाल सिंह ने बताया कि कांता देवी की शिकायत पर दोनों एजेंटों पर 420, 406 व 34 का केस दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।