अफसरों के बदले कार्मिकों को भेजने पर थमाए नोटिस
पोकरण | इन दिनों प्रशासन द्वारा राजस्व लोक अदालत न्याय आपके द्वार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। राजस्व लोक अदालत न्याय आपके द्वार शिविर में स्थिति बिल्कुल विपरीत दिखाई दे रही है। जहां एक ओर उपखंड अधिकारी रेणु सैनी उपस्थित होकर ग्रामीणों की समस्याओं से रू ब रू हो रही है वहीं दूसरी ओर विभिन्न विभागों के अधिकारी अपने स्थान पर अन्य कर्मचारियों को भेजकर शिविर में खानापूर्ति कर रहे हैं। वहीं मंगलवार को ग्राम पंचायत डिडाणिया में आयोजित शिविर के दौरान उठे पेयजल संकट के मामले को लेकर जब उपखंड अधिकारी ने जलदाय विभाग के अधिकारी से पूछा तो एक्सईएन के स्थान पर मात्र एक जेईएन रमेश माथुर उपस्थित थे। एसडीएम द्वारा पूछे गए सवालों के सही जवाब नहीं दे पाने पर उपखण्ड अधिकारी ने जलदाय विभाग के एक्सईएन और जेईएन दोनों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया।