भास्कर संवाददाता | रामदेवरा
रामदेवरा मे ज्येष्ठ माह की शुक्ल पक्ष की दूज के दिन बाबा रामदेव के मंदिर में बाबा की समाधि के दर्शनों के लिए एक लाख से ज्यादा की तादात में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी तथा समाधि के दर्शन किए। द्वितीया के अवसर पर अलसुबह से ही मुख्य द्वार के आगे लम्बी कतारें लग गई और मंदिर के पट खुलते ही संपूर्ण मंदिर परिसर बाबा के जयकारों से गूंज उठा। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब और हरियाणा सहित देशभर से आए हुए श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेव की समाधि पर पूजा अर्चना कर देश में अमन चैन और खुशहाली की कामना की। पोकरण विधायक शैतानसिंह राठौड़ और शेरगढ विधायक बाबूसिंह राठौड़ ने मंदिर में अलसुबह बाबा की समाधि के दर्शन कर समाधि पर अभिषेक किया और आरती में भाग लिया। मुख्य पुजारी ने विधायकों को विधिपूर्वक पुजा अर्चना करवाई। इस अवसर पर बाबा रामदेव समाधि समिति के सदस्यों ने विधायक का स्वागत किया।
भीषण गर्मी मे भी श्रद्धालुओं ने दर्शनों के लिए दिखाया उत्साह
रामदेवरा . इन दिनों बढ़ते तापमान के कारण भीषण गर्मी का प्रकोप चालू है लेकिन इस गर्मी मे भी श्रद्धालु बाबा रामदेव के दर्शनों के लिए उमड़ पड़े और दर्शन करने के लिए उत्साहित नजर आए। बुजुर्ग, महिलाओं और बच्चे भी कतारों में लग कर दर्शन किए।