वाटर वर्क्स रोड से अब तक नहीं हटी सब्जी मंडी, बिगड़ रही ट्रैफिक व्यवस्था
कृषि उपज मंडी में शिफ्ट कराई जानी थी सब्जी मंडी
भास्कर संवाददाता | अंबाह
नगर में वाटर वर्क्स रोड पर लग रही सब्जी मंडी को कृषि उपज मंडी में शिफ्ट कराए जाने को लेकर की गई योजना पिछले दो साल से ठंडे बस्ते में पड़ी हुई है। जिसकी वजह से इस मार्ग पर दिनभर में कई बार ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न होती है।
बतादें कि कृषि उपज मंडी परिसर में सब्जी मंडी शिफ्ट किए जाने को लेकर यहां टीनेशेड व चबूतरों का निर्माण करा दिया गया था, लेकिन इसके बाद स्थानीय प्रशासन द्वारा सब्जी मंडी को कृषि मंडी में शिफ्ट कराए जाने को लेकर रूचि नहीं लिए जाने की वजह से यह कार्य अधर में ही लटका हुआ है। जिसकी वजह से पोरसा रोड व गंज के बीच सब्जी मंडी लगने से राहगीरों को आवागमन करते समय परेशानियों का सामना करना पड़ता है। दो साल पहले नगर में बिगड़ती हुई ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए तत्कालीन एसडीएम ने सब्जी मंडी को कृषि उपज मंडी में शिफ्ट करने की योजना दो साल पहले तैयार कराई थी। ताकि नगर की यातायात व्यवस्थाओं में सुधार हो सके। जिसके बाद कृषि उपजमंडी में सब्जी व्यापारियों के लिए टीनेशेड व चबूतरों का निर्माण कराया गया था। लेकिन उसके बाद सब्जी मंडी को कृषि उपज मंडी में शिफ्ट कराए जाने लिए कोई प्रयास नहीं किए गए। स्थिति यह है कि मंडी में खड़े होने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियां व सब्जियों से भरे भारी वाहनों की वजह से दोनों तरफ से चाहर पहिया वाहन गुजरते ही ट्रैफिक जाम हो जाता है।
इस तरह से सुधर सकती है यातयात व्यवस्था
वाटर वर्क्स पर संचालित अगर सब्जी मंडी को कृषि मंडी में शिफ्ट कर दिया जाए, बाजार में रोड किनारे खड़े होने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए वहीं रोड किनारे खड़े होने वाले ठेलों के लिए एक निश्चित जगह चिन्हित की जाए। इस तरह से प्रयास करकर नगर की बिगड़ती हुई यातयात व्यवस्था में काफी सुधार किए जा सकते हैं।