वाहनों में क्षमता से अधिक बैठाई जा रहीं सवारियां
जीपें व मैजिक वाहन भी भारी तादाद में दौड़ते
भास्कर संवाददाता | पोरसा
पोरसा-अंबाह मार्ग पर दौड़ लगाने वाले यात्री वाहनों में जमकर ओवरलोडिंग की जा रही है। जोकि खतरनाक है। इस वजह से इस मार्ग पर हादसा होने की आशंका बनी रहती है। लेकिन इस सबके बावजूद भी संबंधित अफसरों द्वारा ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है।
बतादें कि अंबाह-पोरसा जाने के लिए फाटक बाहर से हर पांच मिनिट में बस निकलती है। इसके अलावा जीपें व मैजिक वाहन भी भारी तादाद में दौड़ते हैं। बावजूद इसके लोग जल्दबाजी के चक्कर में जीप की छतों पर बैठकर व ऑटो व मैजिक में लटककर यात्रा करने को तैयार रहते हैं। जोकि खतरनाक है।
इस मार्ग पर कई बार गंभीर हादसे भी हुए हैं, लेकिन वाहन चालकों ने इससे सबक नहीं लिया है। पैसे कमाने के चक्कर में साथ-साथ यात्रियों की जान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। खास बात यह है कि लोग जान-जोखिम में डालकर यात्रा कर रहे हैं।