दुकानदारों ने सड़क पर सामान रखकर किया अतिक्रमण
सहालग के चलते बाजार में भीड़ की वजह से लोगों को पैदल चलना मुश्किल
भास्कर संवाददाता | पोरसा
सहालग के चलते इन दिनों बाजार में काफी भीड़भाड़ चल रही है। वहीं बाजार में स्थित ज्यादातर दुकानदारों ने ग्राहकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने के लिए दुकानों के सामने सड़क पर सामान रखकर अस्थाई अतिक्रमण कर लिया है। जिसकी वजह नगर की यातायात व्यस्था लड़खड़ा गई है। स्थिति यह है दोपहिया वाहन तो दूर पैदल सड़क पार करने वाले राहगीरों को भी आवागमन करते समय परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन दिनों सदर बाजार, इमली रोड, अटेर रोड सहित अन्य जगहों पर सुबह से ही ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। जिसकी वजह से लोगों का पैदल सड़क पार करना भी मुश्किल हो जाता है।
सहालग के चलते नगर में इन दिनों आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से खरीददारी करने आने वाले लोग बाजार एवं दुकानदारों के सामने अव्यवस्थित तरीके से अपने वाहनों को खड़ा कर देते हैं। साथ ही बाजार में स्थित कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानों का सामान रोड पर रख लिया है। इस स्थिति में इन मार्गों से चार पहिया वाहन गुजरते ही टैफिक जाम हो जाता है। लेकिन इसके बाद भी स्थानीय प्रशासन द्वारा नगर में व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए जाने को लेकर प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।