किसी कीमत पर प्रावि भूरकाडीह को बंद नहीं होने दिया जाएगा : भकत
पोटका में स्कूलों के विलय को लेकर विरोध प्रदर्शनों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक ओर नरवा पहाड़ प्राथमिक विद्यालय, डुंगरीडीह के विलय को लेकर विरोध किया ही जा रहा था कि दूसरी ओर प्राथमिक विद्यालय भूरकाडीह के स्कूली बच्चों व अभिभावकों ने भी विद्यालय प्रांगण में विलय को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जताया। झारखंड सरकार से भूरकाडीह प्राथमिक विद्यालय के विलय के फैसले को वापस लेने की मांग की। इधर ग्राम प्रधान भूदेव भकत ने कहा कि प्राथमिक विद्यालय भूरकाडीह को अन्य विद्यालय में किसी भी कीमत पर समायोजन नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय में पहली से पांचवीं तक पढ़ाई होती है। कुल छात्रों की संख्या 45 है। अविभाजित बिहार में इस स्कूल को चालू की गया था। इस विद्यालय को गोपालपुर मध्य विद्यालय में सरकार विलय करना चाहती है। इसकी दूरी डेढ़ किमी है। इन नौनिहालों को अन्य विद्यालय में आनेजाने में जादूगोड़ा-गोविंदपुर मुख्य सड़क से पार कर जाना होगा। ऐसे में स्कूली बच्चों को सड़क दुर्घटना की आंशका को लेकर अभिभावक चिंतित है। जिसको लेकर ही ग्रामीण विरोध जता रहे हैं। विद्यालय में छात्राओं की संख्या 21 व छात्रों की संख्या 24 है। मौके पर वार्ड सदस्य सुमति भकत, शोभा भकत, रूपमणी भकत, सुनीता भकत, अन्नालता, आलोसी भकत, ज्योति भकत, कल्याणी भकत आदि मौजूद थे।