देवर्षि नारद जयंती पर हुई विचार गोष्ठी
जिले में पहली बार विश्व संवाद केंद्र प्रतापगढ़ की ओर से देवर्षि नारद की जयंती पर विचार गोष्ठी का कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक के पदाधिकारियों सहित पत्रकारों ने भाग लिया। समारोह की अध्यक्षता किशोरचंद्र पाठक ने की। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चित्तौड़ प्रांत के विभाग प्रमुख महेंद्र सिंह, विभाग प्रमुख बंशीलाल, विभाग कार्यवाह अशोक बारोलिया थे। भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष रमेशचंद्र टांक ने काव्य गीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद मुख्य अतिथि किशोरचंद्र पाठक ने देवर्षि नारद की जयंती पर सभी को आद्य संवाददाता बताते हुए अपनी भूमिका हमेशा सकारात्मक रुप से निभाने की बात कही। पाठक ने वर्तमान मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ बताते हुए सकारात्मक सोच से कार्य को देश की उन्नति के लिए सर्वोपरि बताया। मुख्य वक्ता चित्तौड़ बौद्धिक विभाग प्रमुख महेंद्र सिंह ने कहा कि देवर्षि नारद देव एवं असुर से समान आदर प्राप्त करते थे। क्योंकि उनकी सोच सकारात्मक थी। उसी प्रकार वर्तमान में मीडिया को भी देश के विकास के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए विकास के पथ पर अग्रसर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में युवा पीढ़ी संस्कारों व धर्म को भूलती जा रही है और पाश्चात्य संस्कृति की और अग्रसर हो रही है। जो ना सिर्फ उनके बल्कि समाज के विनाश का कारण बन रहा है। हमें प्राचीन भारतीय संस्कृति को अपनाना होगा जो जीवन जीने का सही ढंग सिखाती है। संजय जैन ने समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया। तरुणदास बैरागी ने पत्रकारिता में खबरों की सच्चाई और उसकी तह तक जाने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रचार प्रमुख गौरीशंकर ने किया।