प्रखंड के बहुचर्चित गजवा पंचायत के मुखिया चंद्रिका यादव हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त शूटर आरजू खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी डाेमन राम ने बताया कि आरजू खान को शनिवार की शाम उसके पैतृक गांव गजवा से गिरफ्तार किया गया।
उल्लेखनीय है कि गजवा पंचायत के मुखिया चंद्रिका यादव की हत्या गत 20 जनवरी को हुई थी। मुखिया अपने पैतृक गांव भूसिया से प्रतापपुर लौट रहे थे। इसी दौरान गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के पुत्र दीपक कुमार ने प्रतापपुर थाने में तेरह लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करवाई थी।
गजवा पंचायत के वार्ड सदस्य हैं आरजू खान : गजवा मुखिया चन्द्रिका यादव के हत्याकांड में गिरफ्तार आरजू खान गजवा पंचायत में वार्ड सदस्य के रूप में चुने गए हैं। सूत्रों के अनुसार पंचायत में योजनाओं के चयन को लेकर मुखिया चंद्रिका यादव व आरजू खान में हमेशा मनमुटाव रहता था । प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से आरजू खान घर से फरार हो गए थे।
गिरफ्तारी की मांग को लेकर एक माह चला था आंदोलन
गजवा मुखिया चन्द्रिका यादव की हत्या होने के बाद उनके समर्थकों ने हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लगभग एक माह तक आंदोलन किया था। आंदोलन कारी समाहरणालय के पास धरना पर भी बैठे थे। इस धरना प्रदर्शन में जेवीएम के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ,नीलम देवी, सत्यानंद भोक्ता, के अलावा बिहार के जाने माने राजनीतिक लोग भी शामिल हुए थे। प्रतापपुर थाना प्रभारी डोमन रजक के नेतृत्व में प्रतापपुर थाने में लंबित केस के फरार अभियुक्तों पर लगातार कार्रवाई और गिरफ्तारी से क्षेत्र के दर्जनों अभियुक्त सहमे हैं ।