41 जोड़े परिणय बंधन में बंधे, स्मार्ट फोन पाकर खुश हुए नव युगल
भास्कर संवाददाता। पृथ्वीपुर
ग्राम पंचायत मड़िया की सिद्धपीठ अछरूमाता मंदिर में बुधवार को अक्षय तृतीया पर मुख्यमंत्री कन्या योजना अंतर्गत 41 जोड़े परिणय सूत्र में सात फेरों के साथ एक दूसरे के हमसफर बन गए। जोड़ोें ने सुबह से ही अछरूमाता मंदिर पहुंचकर मातारानी का आशीर्वाद लिया।
इसके उपरांत ग्राम पंचायतों से आए वर एवं वधु पक्ष को एक साथ 41 जोडे़ में विवाह में बिठाया। पण्डितों द्वारा मंत्र आदि उपरांत 7 फेरे में विवाह सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि रामजी अनुराग नायक थे। विवाह में जनपद पंचायत द्वारा वर पक्ष एवं वधु पक्ष को एक स्मार्ट फोन, एवं 17 हजार रूपए, चांदी की पायल, बिछुड़ी, मंगलसूत्र, गुन्डी, कसेंडी, टंकी, पंरात, लोटा, थाली, भगैानी, चम्मच, कुकर भेंट किया गया। मुख्य अतिथि ने कहा कि इस समय हमारी विधान सभा भयानक सूखे से गुजर रही है। जनपद पंचायत द्वारा कराये गए सामूहिक विवाह से लोगों के फिजूली खर्च भी बची है। उन्होंने अपनी ओर से वर वधु को उपहार भी भेंट किए।
विंध्यवासिनी माता मंदिर में 24 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
बल्देवगढ़| विंध्यवासिनी माता मंदिर में अक्षय तृतीया पर सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन हुआ। इसमें 24 जोड़ों ने एक दूजे का हाथ थामा। इसमें एक निकाह भी शामिल है। 23 जोड़ो का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंडित बद्री प्रसाद मिश्रा व अन्य सहयोगी पंडितों ने कराई। एक जोड़े का विवाह काजी द्वारा निकाह पढ़वाकर किया। समाजसेवी प्यारेलाल सोनी और सभी परिजनों ने वर-वधु को आशीर्वाद देकर कन्यादान किया और सुखमय दाम्पत्य की कामना की। प्रत्येक जोड़ों को टीव्ही, पंखा, सिलेंडर, चूल्हा, दीवार घड़ी, पलंग, बर्तन सेट, बख्सा, अलमारी, साड़ी, कुर्सी, गद्दा, पल्ली, तखिया, मिक्सी, प्रेस और नकदी भेंट की गई।