भास्कर संवाददाता| पृथ्वीपुर
विधानसभा क्षेत्र पृथ्वीपुर के कई ग्रामों में शुक्रवार को विकास यात्रा पहुंची। विधायक अनीता नायक ने हितग्राहियों को योजनाओं के स्वीकृति आदेश वितरित किए गए। विकास यात्रा गैलवारा, गोरा, बंजारीपुरा, पहाड़ी बक्षी सहित एक दर्जन ग्रामों में पहुंची, जिसमें विधायक द्वारा विकास कार्यों के भूमि पूजन एवं लोकार्पण किए गए। विकास यात्रा गैलवारा में आयोजन किया गया, जिसमें विधायक अनीता नायक ने मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा कल्याणी पेंशन योजना एवं असंगठित कर्मकार कल्याण मण्डल कार्ड एवं अन्य योजनाओं के हितग्राहियों के स्वीकृति आदेश वितरित किए। विधायक नायक ने कहा कि भाजपा की सरकार मूल रूप से किसानों, मजदूरों की सरकार है। भाजपा की सरकार का मुख्य उद्देश्य अंतिम छोर में बैठे व्यक्ति का विकास कराना है। उनका विकास कैसे संभव हो उसके लिए प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान दिन रात मेहनत कर उन्हें लाभ दिला रहे हैं।