टीकमगढ़। पृथ्वीपुर में बिजली कंपनी के सहायक यंत्री के साथ हुई मारपीट की घटना की विधायक अनीता नायक ने निंदा की है। उनका कहना है कि इस घटना का आरोपी अखिलेश नायक मेरा रिश्तेदार नहीं है। मैं पहले भी साफ तौर बता चुकी हूं कि अखिलेश से कोई संबंध नहीं है। यदि वह मेरा रिश्तेदार होता तो उसके खिलाफ मामला दर्ज क्योंं होता। कतिपय लोग मुझे बदनाम करने के लिए आरोपी को मेरा रिश्तेदार बता रहे हैं, जो गलत है। आपकाे यहां बता दें कि गुरुवार को बिजली कंपनी के सहायक यंत्री कुलदीप मिश्रा दफ्तर में कार्य कर रहे थे, तभी दोपहर 12 बजे एक मोबाइल कंपनी का टेक्नीशियन अखिलेश शर्मा उनके पास आया। उसका कहना था कि कंपनी का बिल सुधारने के संबंध में आवेदन दिया था, उस पर क्या कार्रवाई हुई। सहायक यंत्री का कहना था कि मेरे पास कोई आवेदन नहीं आया है। इतने में अखिलेश नाराज हो गया और गाली गलौच कर मारपीट कर दी।अखिलेश के साथ स्थानीय विधायक अनीता नायक का रिश्तेदार अखिलेश नायक भी साथ में था। मारपीट में सहायक यंत्री के हाथ में चोट आई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।