उज्जवला योजना के गैस कनेक्शन के लिए 100 रुपए की वसूली
ब्लाक के गांवों में इन दिनों प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के शेष हितग्राहियों को 1 अप्रैल से पुन: कनेक्शन दिए जा रहे हैं। इसमें बीपीएल कार्डधारियों के अलावा अजा, अजजा महिलाओं को जाति प्रमाण पत्र लगाने पर विशेष छूट दी गई है। उनका कोई भी कार्ड जैसे कर्मकार मंडल, पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग में अंत्योदय कार्ड होने पर भी नि:शुल्क कनेक्शन दिए जा रहे हैं। योजना की घोषणा होते ही गांवों में कुछ फर्जी एजेंट सक्रिय हो गए। योजना के फार्म भरने के नाम पर 100-100 रुपए वसूलने लगे। ग्राम नेतनगांव में यह पहुंचे उपसरपंच धर्मेंद्र भगोरे व एक अन्य से केशव गैस एजेंसी बांगरदा का नाम बताकर 100 रुपए मांगे।
उपसरपंच ने खाद्य अधिकारी से मोबाइल पर जानकारी ली तो बताया गया कि ऐसी कोई भी वसूली गलत है। एजेंट ने जिस गैस एजेंसी का नाम बताया वह खरगोन जिले में आता है और नेतनगांव खंडवा जिले में। ग्रामीणों ने पहले भी केशव गैस एजेंसी की शिकायत खाद्य अधिकारी से की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से उसके एजेंट फिर गांवों में सक्रिय हो गए हैं। जिला खाद्य अधिकारी डीएस मुजाल्दे ने इस संबंध में कहा नेतनगांव से शिकायत आई थी। हमने केशव एजेंसी से कालमुखी की एजेंसी को सारे फार्म देने के लिए कहा है। भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने के निर्देश दिए हैं। कनेक्शन की सारी प्रक्रिया ऑन लाइन होती है।