विधायक ने पूछा आपकी पंचायत का सचिव कौन है
नहीं बता सका पोस्ट ग्रेजुएट सरपंच
भास्कर संवाददाता, पुनासा
भाजपा के ‘चलो पंचायत की ओर’ अभियान के तहत पुनासा के सुदामा नगर हनुमान मंदिर परिसर में कार्यक्रम हुआ। इसमें विधायक लोकेंद्र सिंह तोमर ने पुनासा पंचायत के अब तक के सबसे अधिक शिक्षित पोस्ट ग्रेजुएट सरपंच अनिल परते से पूछा आपकी पंचायत का सचिव कौन है, इसका जवाब सरपंच नहीं दे सके। इस पर विधायक ने ग्रामीणों से कहा पुनासा ग्राम पंचायत में एक तो पहले ही सरपंच सक्रिय नहीं है, वह ध्यान नहीं देता, ऊपर से यहां के लोग सचिव को काम नहीं करने देते। उसे परेशान और ब्लैकमेल करते हैं। इसलिए इस पंचायत में कोई भी सचिव टिकता नहीं है। उन्होंने कहा सरपंच जी आप ध्यान दिजिए। पांच साल का समय आपको जनता ने दिया है। काम करोगे तो लोग याद करेंगे।
विधायक ने सरपंच से पूछा आपकी पंचायत में कितने असंगठित श्रमिकों का पंजीयन हुआ है। सरपंच ने देरी से 1700 का आंकड़ा बताया। विधायक को इस पर विश्वास नहीं हुआ। उन्होंने कहा जनप्रतिनिधि की जवाबदारी है की जितना समय हमें जनता की सेवा करने का मिला है उसे पूरी ईमानदारी से पूरा करें। विधायक भी कोई लाड साहब नहीं है। उसे भी जनता के लिए काम करना है। मैं सुबह 5 बजे उठता हूं और रात के 12 बज जाते हैं। लोग सुबह से अपनी समस्या लेकर आते हैं। सबकी बात सुनता हूं।