साहब! मेरे प्रेमी की शादी रोको वरना फांसी लगा कर दूंगी जान
पुष्कर | पास के गांव देवनगर में रहने वाली युवती पूजा (बदला हुआ नाम)ने पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन कर अपने प्रेमी की होने वाली शादी रोकने की गुहार की। प्रेमी की शादी नहीं रोकने पर फांसी लगा कर जान देने की धमकी दी। इस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया।
जानकारी के अनुसार देवनगर निवासी पूजा ने पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन करते हुए बताया कि साहब मैं अपने प्रेमी के साथ शादी करना चाहती हूं। उसकी शादी रुकवा दो नहीं तो मैं फांसी लगा कर जान दे दूंगी। फोन की लाइन काटते ही कंट्रोल रूम ने मामले की जानकारी पुष्कर पुलिस को दी। इस पर पुलिस हरकत में आ गई और आत्महत्या की धमकी देने वाली युवती को धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे उपजिला मजिस्ट्रेट ने जमानत-मुचलके पर पाबंद कर उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। युवती का नागौर जिलांतर्गत ग्राम हरनावा में ससुराल है और वह अपने पीहर में ही रहने वाले युवक से प्रेम करती है, जिसकी दूसरी जगह शादी होने वाली है। युवती नहीं चाहती है कि उसकी अन्यत्र शादी हो।