अब पुराने न्यायालय परिसर में बनेगा अंबेडकर भवन
पुष्कर| दलित समाज के प्रतिनिधियों के विरोध के बाद नगर पालिका प्रशासन ने आखिर पुष्कर में 48 लाख रुपए की लागत से बनने वाले डॉ. अंबेडकर भवन का स्थान बदल दिया। नए स्थान के रूप में चिह्नित किए गए पालिका स्वामित्व के पुराने न्यायालय परिसर में अंबेडकर भवन का निर्माण भी शुरू कर दिया।
अंबेडकर जयंती के मौके पर राज्य सरकार के आदेशानुसार नगर पालिका की ओर से शनिवार की शाम को पुराने न्यायालय परिसर में अंबेडकर जयंती व अंबेडकर भवन निर्माण का शिलान्यास समारोह आयोजित किया। इस दौरान पंडित कैलाश नाथ दाधीच के आचार्यत्व में मुख्य अतिथि सुरेश सिंह रावत, पालिकाध्यक्ष कमल पाठक व आरक्षित वर्ग के पार्षदों ने सामूहिक रूप से भूमि पूजन किया तथा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच आधारशिला रख कर विधिवत रूप से शिलान्यास किया। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी वीके गोयल, अधिशाषी अधिकारी विकास कुमावत, पालिका उपाध्यक्ष मुकेश कुमावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष पुष्कर नारायण भाटी, पूर्व पालिकाध्यक्ष सूरज नारायण शर्मा, महिला मोर्चा अध्यक्ष लक्ष्मी पाराशर, पार्षद मंजू बाकोलिया, गजेंद्र बाकोलिया, मदन सांखला, सुखराम, कोमल नागौरा, महेश पाराशर, शिव स्वरूप महर्षि सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
विरोध के बाद बदला स्थान: उल्लेखनीय है कि सीएम मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की ओर से बजट में की गई घोषणा की अनुपालना में पुष्कर में पालिका ने पुष्कर धाम विश्राम स्थली में अंबेडकर भवन के लिए स्थान चिह्नित किया था। इसके विरोध में दलित समाज के प्रतिनिधियों ने दलित बाहुल्य क्षेत्र में अंबेडकर भवन का निर्माण कराने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी। पालिका के ईओ विकास कुमावत ने जिला कलेक्टर गौरव गोयल, संसदीय सचिव रावत, पालिकाध्यक्ष पाठक आदि से विचार-विमर्श किया तथा आरक्षित वर्ग के जनप्रतिनिधियों की सहमति से पुराने न्यायालय परिसर में अंबेडकर भवन निर्माण के लिए स्थान चिह्नित किया। अंबेडकर भवन के साथ-साथ संसदीय सचिव सुरेश सिंह रावत व पालिकाध्यक्ष कमल पाठक ने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजनांतर्गत पुष्कर में द्वितीय चरण में स्वीकृत सुधा बाय बावड़ी व भट्ट बाय बावड़ी के जीर्णोद्धार कार्य का विधिवत रूप से शिलान्यास किया।
पुष्कर . अंबेडकर भवन की आधारशिला रखते संसदीय सचिव रावत व पालिकाध्यक्ष पाठक।