पुष्कर सरोवर में पानी डालने से मछलियों का मरना थमा
पुष्कर| पुष्कर सरोवर में बढ़ता जल प्रदूषण रोकने के लिए नगर पालिका प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयास सार्थक साबित हो रहे हैं। बीते एक माह से दम तोड़ रही मछलियों के मरने का सिलसिला लगभग थम गया है। नगर पालिका की ओर से गत चार दिनों से सरोवर में टैंकरों से फव्वारे के रूप में पानी डाला जा रहा है। इससे सरोवर के पानी में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ रही है तथा जल प्रदूषण कम हो रहा है। इससे मछलियों को जीवनदान मिल रहा है। पालिका के सफाई निरीक्षक फतह सिंह गौड़ ने बताया कि प्रतिदिन सरोवर में 8 से 10 टैंकर पानी डाला जा रहा है।
जनसहयोग से भी कुछ टैंकरों से पानी सरोवर में उड़ेला जा रहा है। पालिका के ईओ विकास कुमावत ने घाटों पर प्रतिबंध के बावजूद बेची जा रही खाद्य सामग्री जब्त करने के निर्देश दिए हैं। गौड़ ने बताया कि ईओ के आदेश पर अभियान चला कर खाद्य सामग्री जब्त की जाएगी।