विदेशी युवती का आईफोन उठाकर ले गया बंदर
पुष्कर | पुष्कर के रेस्टोरेंट में खाना खा रही एक विदेशी युवती का बेशकीमती आईफोन बंदर टेबल से उठा कर ले गया, जिससे युवती मायूस हो गई। उसने फोन वापस सुरक्षित मिलने की उम्मीद भी छोड़ दी। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद क्षेत्रवासियों की मदद से बंदर के चंगुल से आईफोन छुड़ा कर फोन युवती को सुरक्षित लौटा दिया। फोन सुरक्षित वापस मिलने के बाद युवती चेहरा खिल उठा और उसने कहा-थैंक्स लार्ड पुष्कर, आई गॉट माई फोन बैक।
छोटी बस्ती महादेव चौक के पास शुक्रवार को दिन में इंग्लैंड की दो विदेशी मित्र रूफ टॉप रेस्टोरेंट में खाना खा रहे थे। इसी दौरान एक लाल मुंह का 45 हजार रुपए का कीमती आईफोन उठा कर ले गया। विदेशी युवती खाना छोड़कर बंदर से अपना मोबाइल छुड़ाने का प्रयास करने लगी। बंदर एक मकान की छत से दूसरे मकान से होते हुए काफी दूर चला गया। इस बीच कैमल सफारी यूनियन के संरक्षक व ऊंट शृंगारक अशोक टाक ने बंदर का काफी दूर तक पीछा किया। काफी मशक्कत के बाद टाक ने बंदर के चंगुल से आई फोन सुरक्षित छुड़ा लिया।