सोमवती अमावस्या पर सरोवर में डुबकी
पुष्कर|वैशाख के पावन माह की सोमवती अमावस्या के उपलक्ष्य में पुष्कर सरोवर में स्नान के लिए आस्था का सैलाब उमड़ गया। चिलचिलाती धूप के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने सरोवर में स्नान कर पुण्य अर्जित किया। स्नानार्थियों की उमड़ी भीड़ के कारण दिन भर मिनी मेले सा माहौल बना रहा।
सोमवती अमावस्या के मौके पर पुष्कर सरोवर में स्नान करने का विशेष धार्मिक महत्व है। इसके चलते स्नान के लिए आस्थावानों का दिन भर जमघट लगा रहा। सुबह ब्रह्म मूहुर्त के साथ आरंभ हुआ स्नान देर शाम तक निर्बाध गति से चला। श्रद्धालुओं ने सरोवर में आस्था की डुबकी लगाई तथा मंदिरों के दर्शन कर पुरोहितों को दान-दक्षिणा देकर पुण्य कमाया। धर्मप्रेमियों ने सरोवर की परिक्रमा लगाई तथा गायों को चारा डाला। भीषण गर्मी के बावजूद दिन भर घाटों, बाजारों व मंदिरों में यात्रियों की खासी चहल-पहल रही।